देहरादून से बहुत ही दुखद खबर आ रही है. वरिष्ठ पत्रकार तथा दैनिक भास्कर समेत कई अखबारों में संपादक रह चुके राजेन टोडरिया का मंगलवार की सुबह सीएमआई हास्पीटल में निधन हो गया है. उन्हें हार्ट अटैक के बाद कल अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन से उत्तराखंड का पत्रकार समुदाय मर्माहत है. उनका अंतिम संस्कार कल हरिद्वार में किया जाएगा.

56 वर्षीय राजेन टोडरिया पिछले 32 सालों से पत्रकारिता कर रहे थे. वे लंबे समय तक देहरादून में अमर उजाला के साथ जुड़े रहे. मूल रूप से टिहरी के देव प्रयाग के रहने वाले राजेन अमर उजाला में टिहरी के ब्यूरोचीफ रहे. इसके बाद इनका तबादला हिमाचल के लिए हो गया. इन्हें अमर उजाला, हिमाचल का संपादक बना दिया गया. लंबे समय तक यहां काम करने के बाद ये हिमाचल में ही भास्कर के संपादक बन गए. भास्कर से इस्तीफा देने के बाद इन्होंने जनपक्ष मैगजीन की शुरुआत की. जनपक्षधरता के अगुवा माने जाने वाले राजेन टोडरिया ने सरकार की नामाकियों के खिलाफ लगातार खबरें लिखीं.
राजेन टोडरिया की शादी नरेंद्र नगर में हुई थी. वे अपने पीछे पत्नी स्मिता के अलावा एक पुत्र तथा पुत्री छोड़ गए हैं. निधन की खबर सुनकर उनके तमाम शुभचिंतक तथा चाहने वाले उनके देहरादून स्थित घर पर पहुंच रहे हैं. श्रद्धाजंलि देने वालों का भी तांता लगा हुआ है.






