उद्योगपति मुकेश अंबानी के बाद आरएसएस चीफ मोहन भागवत ने एक बार फिर टीवी चैनलों को नोटिस भेजा है. मुकेश ने जहां सभी न्यूज चैनलों को नोटिस भेजा था वहीं आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने आठ चैनलों को नोटिस भेजकर माफी मांगने को कहा है. मोहन भागवत की तरफ से उनके वकील राजीव तुली ने आठों न्यूज चैनलों को नोटिस दिया है. नोटिस में सभी चैनलों पर आरोप लगाया गया है कि वे गलत तथ्यों के आधार पर आरएसएस प्रमुख को बदनाम करने की कोशिश की.
इंदौर में मोहन भागवत ने एक बयान दिया था, जिसके अनुसार महिलाओं को घर का काम देखना चाहिए तथा पुरुषों को अर्जक का काम करना चाहिए. नोटिस में आरोप है कि इसी बयान को उक्त टीवी चैनल तोड़ मरोड़ कर पेश किए हैं, जिससे आरएसएस प्रमुख की छवि को गहरा धक्का पहुंचा है. नोटिस में कहा गया है कि मोहन भागवत महिला-पुरुष में समानता के पक्षधर रहे हैं परन्तु टीवी चैनलों ने अखबारों के हवाले से उनके बयानों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है.
राजीव तुली ने नोटिस में कहा है कि इसके पहले भी टीवी चैनल उनके दिल्ली गैंगरेप मामले में दिए गए बयान को अपने तरीके से प्रसारित कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की. नोटिस में मोहन भागवत द्वारा छह जनवरी को भारतीय शादी पर दिए गए बयान पर भी कहा गया है कि इसे भी तमाम टीवी चैनल गलत तरीके से प्रसारित किए. इसके चलते देश विदेश में आरएसएस तथा स्वयंसेवकों की छवि देश-विदेश में खराब हुई है. नोटिस में सभी आठों चैनलों को कहा गया है कि वे इस मामले में जल्द से जल्द माफी मांगकर सही वस्तु स्थिति तथा बयान का प्रसारण करें.