नई दिल्ली। गाजीपुर थाना क्षेत्र के मयूर विहार फेज-3 में एक तेज रफ्तार कार से कुचलकर तीसरी कक्षा के छात्र की मौत हो गई। छात्र की पहचान नीरज जोशी (8) के रूप में हुई है। नीरज के पिता सहारा इंडिया परिवार में बतौर चालक तैनात हैं। पुलिस ने नीरज के शव को पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों के हवाले कर दिया है।
छात्र नीरज अपने पिता राजेंद्र जोशी, मां राधा जोशी व बड़े भाई के साथ मयूर विहार फेज-3 स्थित जनता फ्लैट में रहता था। वह रामईश पब्लिक स्कूल में तीसरी कक्षा में पढ़ता था। शनिवार रात पड़ोस में रहने वाली उसकी फुफेरी बहन की शादी थी। इसके चलते शाम को ही नीरज अपने परिजनों के साथ फुफेरी बहन के घर चला गया था। देर शाम नीरज अपनी मां राधा के साथ कपड़े बदलने के लिए अपने घर जा रहा था। गाजीपुर पुलिस बूथ के पास सड़क पार करते समय राधा तो आगे निकल गई, लेकिन नीरज को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। गंभीर हालत में नीरज को उसके परिजन नोएडा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कार चालक विनोद को गिरफ्तार कर लिया गया है। साभार : सहारा





