धर्मशाला : एनडीटीवी के कैमरामैन का शव शुक्रवार को त्रियुंड के पास नाले में मिला है। मृतक की पहचान दिल्ली निवासी तथा एनडीटीवी के गायब कैमरामैन एन. रवि के रूप में हुई है। पुलिस ने पहचान आई कार्ड व पर्स से की है। शव मिलने की सूचना एन रवि के परिजनों को दे दी है। एन रवि की मौत हो जाने की सूचना मिलने पर एनडीटीवी में शोक व्याप्त हो गया। हालांकि अभी कैमरामैन का शव नाले से निकाला नहीं जा सका है।
गौरतलब है कि एन रवि 24 नवंबर, 2012 से धर्मशाला से लापता थे। पुलिस कई बार त्रियुंड व आसपास के इलाके में उनकी तलाश कर चुकी थी। विशेष पुलिस कमांडो दल भी कैमरामैन की तलाश के लिए भेजा गया था, लेकिन बर्फ होने के कारण कामयाबी नहीं मिली थी। कैमरामैन का शव शुक्रवार देर शाम त्रियुंड के पास नाले में मिला है। पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ठाकुर ने क्राइम बैठक में सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे कि लापता व्यक्तियों को तलाशा जाए। इसके लिए जो भी प्रयास करने हों वो किया जाए।
एसपी के आदेश के बाद मैक्लोडगंज के थाना प्रभारी गुरबचन सिंह ने लापता कैमरामैन की तलाश के लिए टीम भेजी। टीम काफी देर तक पूरे इलाके में एन रवि की खोज करती रही। उसे देर सायं एन रवि का शव नाले में मिला। पुलिस जवानों ने शव को निकालने का प्रयास किया, लेकिन देर रात तक निकाला नहीं जा सका था। पुलिस अब शनिवार को ही शव निकालेगी। मैक्लोडगंज थाना के प्रभारी गुरबचन सिंह ने बताया कि पुलिस को त्रियुंड के पास नाले में शव मिला है, लेकिन दिक्कतों के चलते उसे नाले से निकाला नहीं जा सका। शनिवार को शव नाले से निकाला जाएगा।





