मुम्बई। दैनिक अखबार 'मिड डे' के वरिष्ठ पत्रकार ज्योतिर्मय डे की हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार महिला पत्रकार जिग्ना वोरा के अहमदाबाद से सम्पर्कों की भी जांच की जा रही है। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की एक टीम इस सिलसिले में अहमदाबाद पहुंची है। वोरा के फोन के कॉल रिकॉर्ड से दो पत्रकारों के बारे पता चला है, जो डे की हत्या से पहले और बाद में लगातार वोरा के सम्पर्क में थे।
अपराध शाखा के सूत्रों के अनुसार, वोरा का अक्सर अहमदाबाद आना-जाना था। वह कुछ लोगों के लगातार सम्पर्क में थी, जिनके बारे में कहा जा रहा है कि उन्होंने वोरा को डे के आने-जाने तथा उनसे सम्बंधित अन्य जानकारियां मुहैया कराई थी। सूत्रों का कहना है कि जिग्ना पुलिस को जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं। जांच में अपना नाम आने और गिरफ्तारी की चर्चा शुरू होने के बाद जिग्ना ने अपने चार फोन एक महिला और मुर्तजा नामक एक व्यक्ति को सौंप दिए थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जिग्ना के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए। हाल ही में, उन्होंने एक फोन क्राइम ब्रांच को सौंपे। मुर्तजा ने भी क्राइम ब्रांच को यह कहते हुए तीन मोबाइल फोन और एक मेमरी कार्ड सौंपे कि ये फोन जिग्ना के हैं।
उल्लेखनीय है कि डे की 11 जून को पवई इलाके में मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। वे मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहे थे। इस सिलसिले में वोरा को 25 नवम्बर को गिरफ्तार किया गया था। वोरा के पहले दस अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जा चुकी है। पुलिस ने इस मामले में एक दर्जन लोगों के खिलाफ आरोप पत्र भी मकोका की विशेष अदालत में दायर किया है।






