राजस्थान के मुख्यमंत्री और ‘पिंक सिटी प्रेस क्लब’के मानद सदस्य अशोक गहलोत ने सोमवार को कहा है कि राजस्थान में पत्रकारिता विश्वविद्यालय खोलने की संभावना तलाशी जाएगी.‘पिंक सिटी प्रेस क्लब’की बीसवीं वर्षंगाठ पर आयोजित समारोह में गहलोत ने कहा कि देश में राजस्थान की पत्रकारिता की अलग पहचान है. आजादी के आन्दोलन में भी राजस्थान के पत्रकारों ने महती भूमिका निभाई उन्हें भूला नहीं जा सकता है.
उन्होंने कहा कि राजस्थान में पत्रकारिता को और मजबूती देने के लिए राजस्थान में पत्रकारिता विश्वविद्यालय खोले जाने की संभावना तलाशी जाएगी. विश्वविद्यालय स्थापित होने से पत्रकारिता क्षेत्र में जाने वाले युवाओं को अध्ययन की सुविधा मिल सकेगी. गहलोत ने पत्रकारों की समस्याओं को निस्तारण करने का आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार अन्य राज्यों में पत्रकारों को मिल रहीं सुविधाओं का अध्ययन करके प्रदेश के पत्रकारों को नहीं मिलने वाली सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विचार करेगी.
इस मौके पर गहलोत ने कालबेलिया नृत्यांगना गुलाबो को ‘पिंक सिटी प्रेस क्लब’की मानद सदस्यता प्रदान की. उन्होंने इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण चंद छाबडा, मिलाप चंद डंडिया, याम आचार्य और फोटोग्राफर गोपाल संगर को लाइफ टाइम एचीवमेंट सम्मान से सम्मानित किया. गहलोत ने पत्रकारिता क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ रिपोर्ट, फोटो और इलेक्ट्रानिक कैमरामैन और पत्रकार को भी सम्मानित किया.
गहलोत ने ‘पिंक सिटी प्रेस क्लब’की ओर से भारत के तीरदांजी के प्रशिक्षक लिम्बा राम और शिक्षाविद्ध पी सी व्यास को प्रेस क्लब की मानद सदस्यता का परिचय पत्र उनकी अनुपस्थिति में उनके परिजन को भेंट किया. राजस्थान के सूचना एंव जनसम्पर्क राज्य मंत्री अशोक बैरवा और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता घनश्याम तिवाडी ने भी समारोह को सम्बोधित किया. साभार : समय लाइव





