लंदन, एजेंसी : भारतीय मूल के 29 वर्षीय पत्रकार को द इंडीपेंडेंट अखबार का संपादक बनाया गया है। वह किसी ब्रिटिश अखबार के पहले गैर श्वेत संपादकीय प्रमुख बने हैं। अमोल राजन क्रिस ब्लैकहर्स्ट का स्थान लेंगे। इससे पहले वह अखबार के कमेंट एडीटर थे।
गार्जियन अखबार की खबर के मुताबिक राजन का जन्म कोलकाता में हुआ था। जब वह तीन साल के थे तब वह अपने परिवार के साथ लंदन चले गए। उनका लालन पालन दक्षिण लंदन के टूटिंग में हुआ। उन्होंने अंग्रेजी साहित्य की पढ़ाई कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से की। स्नातक के बाद राजन ने कुछ समय इवनिंग स्टैंडर्ड और चैनल 5 में काम किया। इसके बाद वह द इंडीपेंडेंट चले गए जहां वह न्यूज रिपोर्टर के ओहदे से आगे बढ़ते गए। अखबार के एग्जक्यूटिव संपादक ओली डफ ने सोमवार को सुबह इस बारे में घोषणा की।