काफी पहले से भड़ास पर दी गई खबर एक बार फिर सच हुई है. काफी समय पहले से दिल्ली में नईदुनिया को फिर से बसाने की तैयारी कर रहा जागरण समूह इसके लिए 9 फरवरी का दिन तय किया है. शनिवार से इस अखबार की लांचिंग दिल्ली में की जा रही है. विनय छजलानी के स्वामित्व वाले नईदुनिया की लांचिंग आलोक मेहता के नेतृत्व में दिल्ली में हुई थी. बाद में इस अखबार को दैनिक जागरण समूह ने खरीद लिया तथा इसके दिल्ली एडिशन को बंद कर दिया.
इस नईदुनिया की जमीन पर आलोक मेहता ने रातोंरात नेशनल दुनिया लांच करके यह साबित करने की कोशिश की कि नाम के अलावा कुछ भी नहीं बदला है. नईदुनिया की नींव पर तैयार नेशनल दुनिया ने मार्केट भी पकड़ लिया. इस अखबार को अपने ब्रांडिंग के लिए कुछ ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी. अब जागरण समूह नईदुनिया की जमीन को नेशनल दुनिया से वापस पाने की कोशिश करेगा. जागरण समूह इस बात से खफा था कि उसके द्वारा खरीद लिए गए ब्रांड के नाम पर नेशनल दुनिया अपनी दुकान चला रहा है.
इस बार जागरण समूह योजना के साथ इस अखबार को लांच करने जा रहा है. प्रबंधन की रणनीति है कि उनका प्रमुख ब्रांड जागरण का नेशनल तथा स्थानीय एडिशन है ही, नईदुनिया को भी एक अलग एडिशन के रूप में उसके पुराने नींव पर ही खड़ा कर उसके पुराने मार्केट को वापस हासिल किया जाए. फिलहाल अखबार 14 पेज का होगा. दिल्ली में नई दुनिया की जिम्मेदारी वरिष्ठ पत्रकार सुरेश बाफना को दी गई है. इसके लिए प्रबंधन ने एक छोटी सी टीम भी तैयार की है, जो दिल्ली-एनसीआर की स्थानीय खबरों को ब्रेक करेगी.
सूत्रों का कहना है कि इस अखबार का ज्यादातर कंटेंट-लेआउट इंदौर से तैयार होकर आएगा. उसके बाद स्थानीय टीम की खबरों को कुछ पेज का स्पेस दिया जाएगा, जो दिल्ली-नोएडा में तैयार होगा. इस अखबार की प्रिंटिंग दैनिक जागरण के नोएडा यूनिट से की जाएगी. नई दुनिया को जागरण की टीम भी अपनी पूरी मदद करेगी. इसमें स्थानीय, राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय खबरों को प्रमुखता दी जाएगी. इस संदर्भ में भड़ास ने जब नईदुनिया के प्रधान संपादक श्रवण गर्ग से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि नईदुनिया 9 फरवरी से दिल्ली के बाजार में आ जाएगा.
श्री गर्ग ने बताया कि अखबार के लांचिंग की तैयारी काफी समय से थी, परन्तु कुछ कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया था. नई दिल्ली में नई दुनिया परिचित नाम है. इसकी काफी डिमांड रहती है. समूह का अपना नेटवर्क भी वहां मजबूत है, लिहाजा इस अखबार को लांच करने कोई दिक्कत भी नहीं है. अखबार दिल्ली में मौजूद मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के अलावा इन राज्यों से जुड़े गुजरात, महाराष्ट्र तथा राजस्थान के लोगों को उनके राज्यों की स्तरीय खबरें उपलब्ध करवाएगा.