वरिष्ठ पत्रकार औऱ स्तंभकार खुशवंत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लेखक व मीडिया विशेषज्ञ और दूरदर्शन केन्द्र देहरादून के निदेशक डॉ. कृष्ण कुमार रत्तू ने कहा कि खुशवंत सिंह हरफनमौला व्यक्तित्व के धनी औऱ हरदिल अज़ीज लेखक थे। डॉ. रत्तू के अनुसार खुशवंत सिंह उन भारतीय लेखकों में से एक थे जिन्होंने अंग्रेजी साहित्य में अपनी अलग शैली एवं विषय वस्तु से समूचे विश्व में अपनी पहचान बनाई।
डॉ. रत्तू ने खुशवंत सिंह की कुछ कहानियों का पंजाबी में अनुवाद किया है और उनके जीवन पर टीवी कार्यक्रम का निर्माण भी किया है। उनके साथ रिकार्ड किये एक साक्षात्कार की मधुर स्मृतियों को वे अपने अंदर अभी तक ताजा महसूस कर रहे हैं। डॉ. रत्तू के अनुसार खुशवंत सिंह रूमानी कल्पनाओं और यथार्थ के बीच में जिन्दगी के जुड़े हुए जिन्दादिल लेखक थे जिन्होंने अन्तिम सांस तक लिखना-पढ़ना नहीं छोड़ा।
खुशवंत सिंह से जुड़ी हुई यादों को ताजा करते हुए उन्होंने कहा कि खुशवंत सिंह को पूरे भारतीय उपमहाद्वीप में विशेषकर पाकिस्तान, बाग्लादेश एवं नेपाल में बेहद प्यार से पढ़ा जाता है। उन जैसे लेखक कभी-कभार ही पैदा होते हैं। उनका इस संसार से विदा होना सचमुच भारतीय साहित्य एवं साहित्य मनीषियों के लिए पीड़ादायक है।
महेन्द्र राठौर। संपर्कः [email protected]