यूटीवी ब्लूमबर्ग से खबर है कि यहां लगभग पन्द्रह कर्मचारियों की छंटनी की लिस्ट तैयार की जा रही है. जिसमें प्रोड्यूसर, कैमरामैन तथा टेक्निकल डिपार्टमेंट के बंदे भी शामिल हैं. हालांकि अभी किसी को आधिकारिक तौर से छंटनी की सूचना नहीं दी गई है, पर बताया जा रहा है कि सब कुछ फाइनल हो चुका है. बस अंतिम मोहर लगनी बाकी है.
सूत्रों का कहना है कि यह कदम रिलायंस लिमिटेड ने ब्लूमबर्ग यूटीवी में 18 प्रतिशत शेयर खरीदने के बाद उठाया जा रहा है. चैनल में कार्यरत कर्मियों का कहना है कि कुछ लोगों के नाम तो छंटनी लिस्ट की चर्चा में हैं. पर अभी तक किसी को ऑफिसियली कुछ कहा नहीं गया है. इधर कुछ कैमरामैन और प्रोड्यूसरों को हटाए जाने की चर्चा जरूर है. पर स्पष्ट कुछ भी नहीं है. हम तनाव में हैं.
एक अन्य कर्मचारी ने कहा कि दिल्ली ऑफिस में बहुत अनिश्चय की स्थिति बनी हुई है. पंद्रह लोगों के छंटनी करने की बात कही जा रही है. ऑफिस में इसको लेकर सब तरफ चर्चा है पर कोई एक दूसरे से इस बारे में बातचीत करना नहीं चाहता है, लिहाजा संशय की स्थिति बरकरार है. इसके चलते कार्यालय का माहौल काफी तनावपूर्ण बना हुआ है. संभावित लोग दूसरे संस्थानों के दरवाजे खटखटाने लगे हैं.
गौरतलब है कि ब्लूबर्ग यूटीवी, ब्लूमबर्ग एलपी और यूटीवी का एक संयुक्त उपक्रम है. रिलायंस द्वारा 18 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदे जाने के बाद ब्लूमबर्ग यूटीवी में ब्लूमबर्ग की हिस्सेदारी 15 प्रतिशत और संस्थापक यूटीवी का हिस्सा 67 प्रतिशत हो गया है. इस सौदे के बाद रिलायंस कैपिटल की ब्लूमबर्ग में दूसरी सबसे बड़ी हिस्सेदारी हो गई है. यूटीवी की स्थापना अक्टूबर 2009 में की गई थी.
नोट- कानाफूसी कैटगरी की खबरें चर्चाओं और कयासों पर आधारित होती हैं. इनकी विश्वसनीयता पर भरोसा करने से पहले खुद एक बार इन चर्चाओं की पुष्टि करें और फिर हमें भी सूचित करें, नीचे दिए गए कमेंट बाक्स के जरिए.











