गुड़गांव से तीन खबरें हैं। दैनिक हिंदुस्तान, गुड़गांव ब्यूरो के आफिस को बंद कर स्टाफ को गुड़गांव स्थित कारपोरेट आफिस शिफ्ट कर दिया गया है। यह कवायद खर्चे कम करने की योजना के तहत की गई है। उधर, नवभारत टाइम्स, गुड़गांव के इकलौते स्टाफ रिपोर्टर संजय यादव को कार्यमुक्त किए जाने की खबर है। गुड़गांव में नभाटा के लिए काम करने वाले अब केवल दो स्ट्रिंगर बचे हैं। दो महीने पहले भी नभाटा, गुड़गांव के एक स्टाफ रिपोर्टर को हटाया गया था। एक अन्य सूचना के मुताबिक देशबंधु, गुड़गांव में धर्मेंद्र के ज्वाइन करने की सूचना है। वे राष्ट्रीय सहारा में काम कर चुके हैं।
पंजाब में ‘देश-विदेश टाइम्स’ के छह से ज्यादा दफ्तर बंद!
खबर है कि पंजाब में नए शुरू हुए एक एनआरआई ग्रुप के अखबार ‘देश-विदेश टाइम्स’ ने अपने छह से ज्यादा दफ्तरों को बंद कर दिया है। इसके अलावा राज्यभर में अखबार के अन्य दफ्तरों को भी बंद करने की तैयारी की जा रही है। सभी दफ्तरों के इंचार्जों को अपने दफ्तर में मौजूद सामान की सूची जमा कराने को कह दिया गया है। इसके अलावा उन्हें अपना दफ्तर बंद करने या नाम मात्र खर्चे के साथ अपने साधनों से दफ्तर चलाने को कह दिया गया है। कुछ जिलों में दफ्तरों को फास्टवे केबल के दफ्तर में तब्दील किए जाने की भी खबर है।











