: राहुल देव और रवीन ठुकराल के बीच शीतयुद्ध शुरू : हमार टीवी के चैनल हेड पद से इस्तीफा देकर ‘इंडिया न्यूज’ चैनल में जाने वाले उदय चंद्र सिंह ने यहां से भी इस्तीफा दे दिया है. सूत्रों के मुताबिक निजी कारणों के चलते उदय ने इस्तीफा दिया है. वहीं कुछ लोगों का कहना है कि उनकी इंडिया न्यूज के कुछ वरिष्ठ लोगों से पटरी नहीं बैठ रही थी. उदय एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर थे और इन दिनों इंडिया न्यूज के बिहार-झारखंड चैनल के आउटपुट हेड का काम देख रहे थे.
उदय लाइव इंडिया में एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर (आउटपुट) पद पर कार्यरत रहे. वे कुमार संजॉय सिंह के माध्यम से हमार टीवी में एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर (आउटपुट) के पद पर आए थे. एनडीटीवी ग्रुप संग 13 साल तक जुड़े रहे उदय चंद्र एनडीटीवी इंडिया की लांचिंग कोर टीम के सदस्य रहे हैं. उदय ने करियर की शुरुआत राष्ट्रीय सहारा से की थी. बाद में वे विनोद दुआ की परख की टीम के हिस्से बने. उदय मेहनती और प्रतिभावान पत्रकारों में शुमार किए जाते हैं.
एक जानकारी यह भी मिली है कि इनफारमेशन टेलीविजन प्राइवेट लिमिटेड की तरफ से संचालित इंडिया न्यूज बिहार झारखंड का चैनल हेड अतुल अग्रवाल को बना दिया गया है. अभी तक यह चैनल इनपुट व आउटपुट एडिटरों के भरोसे चल रहा था. आईटीवी के एडिटर इन चीफ रवीन ठुकराल और एडिटर न्यूज राजीव रंजन नाग ने अतुल अग्रवाल को चैनल हेड बनाए जाने की संस्तुति मैनेजिंग डायरेक्टर कार्तिक शर्मा से की और इस संस्तुति पर प्रबंधन ने ओके की मुहर लगा दी है. कुछ लोगों का कहना है कि ‘इंडिया न्यूज’ चैनल में जल्द ही कुछ और उलटफेर होने वाला है.
यह भी खबर है कि आज समाज अखबार के एडिटर इन चीफ राहुल देव और इंडिया न्यूज चैनल के एडिटर इन चीफ रवीन ठुकराल के बीच रिश्ते काफी तल्ख हो गए हैं. एक तरह से शीत युद्ध-सा शुरू हो गया है. रवीन ठुकराल के जरिए आज समाज अखबार में लाए गए वरिष्ठ पत्रकारों ने राहुल देव के खिलाफ असहयोग आंदोलन छेड़ दिया है. वहीं, आज समाज के पुराने कर्मचारी इस बात से भयभीत हो गए हैं कि राहुल देव जिस तेजी से भर्तियां आज समाज में कर रहे हैं, कहीं ऐसा न हो जाए कि पुराने लोगों की नौकरी सिर्फ इसलिए चली जाए कि उनकी जगह नए लोगों को रखना है. उधर, अखबार के काम में रवीन ठुकराल का दखल बढ़ा और राहुल देव का दखल दिन प्रतिदिन कम होता जा रहा है. इससे लग रहा है कि प्रबंधन रवीन ठुकराल पर पूरी तरह हाथ रखे हुए है.











