लोकमत ग्रुप अपने हिंदी एडिशनों को विस्तार योजना को जल्द ही अमली जामा पहनाने जा रहा है. जलगांव में लोकमत समाचार का एडिशन लांच करने के बाद ग्रुप की योजना पुणे और मुंबई में भी विस्तार करने की है. लोकमत ग्रुप मराठी का सबसे बड़ा अखबार है. सूत्रों ने बताया कि संभवत: 15 मई को जलगांव एडिशन की लांचिंग हो जाएगी. इसके बाद आगामी विस्तारों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा.
फिलहाल लोकमत समाचार के चार एडिशनों का प्रकाशन नागपुर, कोल्हापुर, अकोला और औरंगाबाद से किया जा रहा है. जलगांव पांचवां हिंदी एडिशन होगा. हिंदी एडिशन के संपादक वरिष्ठ पत्रकार गिरीश मिश्र हैं. सूत्रों का कहना है कि जलगांव एडिशन की लांचिंग भी इन्हीं की देखरेख में होगी. जलगांव एडिशन का स्थानीय संपादक विष्णु पांडेय को बनाया गया है. समाचार चयन के लिए ये ही जिम्मेदार रहेंगे.
इसके बाद पुणे और मुंबई की भी तैयारी किए जाने की योजना है. इसका कारण बताया जा रहा है भास्कर. दैनिक भास्कर भी पुणे और औरंगाबाद से जल्द ही अपने नए एडिशन शुरू करने जा रहा है. जिसे देखते हुए लोकमत ग्रुप भी प्रतिस्पर्धा देने की तैयारी कर रहा है. खबर है कि भास्कर की लांचिंग के बाद लोकमत समाचार भी अपने एडिशनों की लांचिंग कर सकता है. सूत्रों का कहना है कि हिंदी एडिशनों को बढ़ाने की योजना पर लोकमत प्रबंधन काम कर रहा है.











