तमिलनाडु में सत्ताधारी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) ने बुधवार को कहा कि ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) के मुखपत्र ‘नामाडू एमजीआर’ के खिलाफ मुकदमा दायर किया जाएगा। मंगलवार को प्रकाशित मुखपत्र की रपोर्ट में कहा गया है कि मतगणना के दौरान डीएमके की मदद करने को लेकर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक हुई।
मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा, “लोगों को भ्रमित करने, बहकाने और मतगणना कार्य के लिए तैनात अधिकारियों के मन में डर पैदा करने मकसद से यह रिपोर्ट प्रकाशित की गई है। मुखपत्र के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का फैसला किया गया है।” 13 मई को मतगणना होगी।
राज्य में विधानसभा के 234 सीटों के लिए 13 अप्रैल को मतदान हुआ था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारतीय निर्वाचन आयोग बैठक वाले मामले की जांच कर रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भारतीय निर्वाचन आयोग इस मामले में अपनी छानबीन का खुलासा करेगा। साथ ही रिपोर्ट प्रकाशित करने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी करेगा। साभार : देशबंधु











