9 भाषाओं में 31 पत्रिकाओं के प्रकाशन के साथ देशभर के करोड़ों पाठकों के बीच पहुंचने वाले दिल्ली प्रेस पत्रिका समूह ने संस्थान के उप कार्यकारी संपादक जय प्रकाश पांडेय को अपना पब्लिशिंग एडिटर बनाया है। वह दिल्ली प्रेस के 70 सालों के इतिहास में इस पद तक पहुंचने वाले पहले पेशेवर पत्रकार हैं। इस पद का प्रचलन अमूमन यूरोप और अमेरिका के उन बड़े प्रकाशन समूहों में है, जो दुनियाभर में सैकड़ों पब्लिकेशन निकालते हैं और इन पर निगरानी के लिए एक पब्लिशिंग एडिटर रखते हैं।
यह पद अपने यहां के मैनेजिंग एडिटर, एक्जीक्यूटिव एडिटर, रेजिडेंट एडिटर से बड़ा होता है। पब्लिशिंग एडिटर के जिम्मे अपने प्रकाशन समूह की पत्रिकाओं के कंटेंट, लेआउट, प्रकाशन से लेकर विज्ञापन व प्रोडक्शन नेटवर्क के कोआर्डिनेशन के साथ समूह के ब्रांड के लिए लाइजन तक का दायित्व होता है। महज 17 साल की उम्र में पत्रकारिता शुरू करने वाले जय प्रकाश पाण्डेय दिल्ली प्रेस ज्वाइन करने से पहले वाराणसी से प्रकाशित ‘स्वतंत्र भारत’ व ‘गांडीव’ तथा दिल्ली में फीचर एजेंसी ‘न्यूज ट्रस्ट आफ इंडिया’ से जुड़े थे।