हरिद्वार प्रेस के लिए 22 फरवरी का दिन बेहद गरिमामय था। गुरूकुल के संस्थापक स्वामी श्रद्धानन्द व शांतिकुंज के श्रीराम शर्मा आचार्य जैसे दिग्गजों की धरती हरिद्वार के पत्रकारों ने आज से 22 साल पहले हिंदी के पाणिनी आचार्य किशोरीदास वाजपेयी की याद में पत्रकार भवन का सपना देखा था, जो साकार हो गया। 22 साल बाद 22 फरवरी को राज्य के मुख्यमंत्री ने इसका लोकार्पण किया। आचार्य किशोरीदास वाजपेयी पत्रकार भवन के लोकार्पण समारोह में मेजर जनरल भुवन चंद खण्डूरी ने कई बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि वे उम्मीद करते हैं यह भवन सार्थक कार्य के लिए प्रयोग में लाया जाएगा तथा आने वाले कुंभ मेले में देश भर से आने वाला मीडिया इससे लाभान्वित होगा। सीएम ने इस अवसर पर अपने पत्रकार पिताजी का भी स्मरण किया। प्रेस क्लब के अध्यक्ष आदेश त्यागी ने कहा कि पत्रकारों
का 22 साल का यह सपना पूरा हुआ है तथा सामाजिक चेतना में मीडिया सार्थक योगदान करेगा, ऐसी उन्हें आशा है। कार्यक्रम का संचालन कर रहे वरिष्ठ पत्रकार प्रोफेसर कमलकांत बुधकर ने बताया कि आचार्य किशोरीदास वाजपेयी पत्रकार भवन के लिए भूमि नगरपालिका ने दी है तथा शासन ने लोकनिर्माण विभाग के जरिए इसे बनवाया है। मीडिया के लिए आवश्यक कंप्यूटर आदि से सुसज्जित करने का जिम्मा गायत्री तीर्थ शांतिकुंज प्रमुख डा. प्रणव पण्ड्या ने लिया है जिससे कुंभ आदि में पत्रकार कवरेज कर आसानी से गंतव्य तक भेज सकें। इस अवसर पर शिक्षामंत्री मदन कौशिक, विधायक सुरेश चंद, कमल जौरा, दीपक मिश्रा, पीएस चौहान, रजनीकांत, शिवा अग्रवाल, महामंत्री मनोज सैनी, श्रवण झा, दीपक नौटियाल, मुदित, महावीर, सुनील पाण्डे आशीष सहित तमाम मीडिया के लोगों ने शुभकामनाएं दी।











