: बचपन में ड्रामा क्वीन थी : सैक्सुअल हरासमेंट हर जगह होता है : “अगर मैं ईमानदारी से कहूं तो कास्टिंग काउच केवल फिल्म इंडस्ट्री में ही नहीं होता बल्कि कास्टिंग काउच और सैक्सुअल हरासमेंट अब हर जगह होता है अगर आप होटल मैनेजमेंट की फील्ड में जाऐं तो वहां भी सैक्सुअल हरासमेंट होता है मेरी कुछ सहेलियां इस दौर से गुजर चुकी हैं नौबत यहां तक आ गई की उन्हें काउंसलिंग की जरुरत पड़ी।
बस फर्क इतना हैं कि फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में ये चीजें सामने आ जाती हैं।“ ये बाते कही कलयुग फिल्म की लीड एक्ट्रेस स्माइली सूरी ने सीएनईबी के शो यंग टॉक में। शो के होस्ट और संपादक अनुरंजन झा के साथ खास बातचीत में स्माइली ने अपनी नई फिल्म क्रैकर्श के साथ ही बॉलीवुड से जुड़े कई मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय जाहिर की। वह अपनी पहली फिल्म कलयुग के बारे में कहती हैं कि मैं उस समय काफी डरी हुई थी क्योंकि यह मेरे भाई की फिल्म थी। लोगों को लगता है कि मैने होमप्रोडक्शन फिल्म से शुरुआत की इसलिए सबकुछ बेहद आसान रहा लेकिन मैने भी संघर्ष किया है।
एक सवाल के जवाब में वह कहती हैं कि एक डायरेक्टर भाई के साथ काम करने में बिल्कुल भी सहज नहीं थी। जैसे कोई रोने का सीन होता तो वह कहते कि तुम ऐसे नहीं रोती हो…मैने तुम्हे देखा है रोते हुए.. एक खुलासा करते हुए वह कहती हैं मैं बचपन में ड्रामा क्वीन थी घर से लेकर स्कूल यही मेरा पैशन था। एक्टिंग का भूत बचपन से सवार था इसलिए भाई को असिस्ट करते समय भी डॉयलॉग लेकर बाथरुम में जाकर प्रैक्टिस करती थी। सच कहूं तो ज्यादा ध्यान एक्टिंग पर था डारेक्शन पर नहीं।
अपनी नई फिल्म क्रैकर्श के बारे में वह कहती हैं कि यह थ्री डी एनिमेशन फिल्म है और इसमें एक्टिंग की बजाय मैने डबिंग की है। वह कहती हैं कि डबिंग बेहद मुश्किल काम क्योंकि उसमें आपको किरदार के अनुसार बोलना पड़ता है। स्माइली कलयुग के बाद तेजाब फेम एन चंद्रा की फिल्म ये मेरा इंडिया में नजर आईं जिसके बारे में वह कहती हैं कि एन चंद्रा के साथ काम करना मेरे लिए आश्चर्यजनक था और खुशकिस्मती भी। एक सवाल के जवाब में स्माइली कहती हैं कि आज के दौर में फिल्मों का सही प्रमोशन और बेहतर मार्केटिंग बेहद जरुरी है काश, वह सब कुछ ये मेरा इंडिया के के समय हुआ होता…
स्माइली को अभिनेताओं में कमल हसन बेहद पसंद हैं लेकिन जहां तक अभिनेत्रियों की बात है तो एक दो तीन पर अपने ठुमके से युवाओं के दिल में धक धक करने वाली माधुरी उन्हें कंपलीट एक्ट्रेस नजर आती हैं। फिलहाल एक्टिंग करियर पर ध्यान देने वाली स्माइली डायरेक्शन के सवाल पर बड़ी बेबाकी से कहती हैं कि डायरेक्शन का काम बड़ा मुश्किल है और मैं इतनी क्रिएटिव भी नहीं हूं इसलिए मैं इस पेशे को दूर से ही नमस्कार करती हूं। सीएनईबी के इस शो का प्रसारण 14 मई शुक्रवार को 9:30 बजे होगा जबकि इसका दोबारा प्रसारण मंगलवार दोपहर 2:30 बजे होगा. प्रेस रिलीज











