“एक्टिंग की राह मेरे लिए आसान नहीं थी। हिंदू कॉलेज की टॉपर होने के नाते पिता और उनके दोस्तों ने आगे पढ़ाई करने की सलाह दी। तारे जमीं पर रिलीज होने के पहले तक उन्हें लगता था कि मैं गलत हूं। लेकिन उसके बाद उनका नजरिया बदल गया।“ ये बातें कहीं अभिनेत्री टिस्का चोपड़ा ने सीएनईबी के शो यंग टॉक में। शो के होस्ट संपादक अनुरंजन झा के साथ खास बातचीत में टिस्का ने अपनी आने वाली फिल्म ‘404 एरर नॉट फाउंड’ सहित बॉलीवुड से जुड़ी कई मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय जाहिर की।
अपने करियर के शुरुआती दौर और फिल्म ‘प्लेटफार्म’ के बाद एक लंबे अंतराल की बात पर उन्होंने कहा कि “मुझे लगा कि मेरी गाड़ी प्लेटफार्म से निकल ही गई है.. पर ना शब्द मेरी समझ में नहीं आता है और ना ही समझना चाहती हूं। मैंने एक्टिंग पर ज्यादा ध्यान दिया और इस दौरान जो भी रास्ता एक्टिंग बेहतर करने का मिला वो मैंने अख्तियार किया। नसीरूदीन शाह और फिरोज अब्बास खान जैसे कलाकारों के साथ थिएटर में काम कर चुकी टिस्का कहती हैं कि फिल्मों के बाद थिएटर करना एक ताजी हवा की तरह लगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सबसे बेहतर निर्देशक वही होगा जो मुझे अगली फिल्म में साईन करेगा।
प्रोड्यूसर शब्द से डरने वाली टिस्का निर्देशक बनने के सवाल पर कहती हैं कि अभी एक्टिंग की भूख ही बढ़ती जा रही है लेकिन निर्देशक बनने को लेकर कुछ ख्वाब है और अगर मौका मिला तो मानवीय संवेदनाओं पर आधारित कोई फिल्म बनाना चाहूंगी। टिस्का कहती हैं कि “आजकल दर्शक बहुत स्मार्ट हो चुके हैं अगर फिल्म अच्छी बनी हो तो उन्हे मालूम हो जाता है, फेसबुक, ट्वीटर और दोस्तों के जरिए। टिस्का को औरों की तरह अमिताभ बच्चन पसंद हैं लेकिन जहां तक अभिनेत्रियों की बात है तो उन्हें ‘मौसम’ की शर्मिला टैगोर, ‘रात और दिन’ की नरगिस और ‘उमराव जान’ की रेखा का रोल बेहद पसंद है।
टिस्का ने कहा कि कास्टिंग काउच का जहां तक सवाल है तो कोई भी आपके साथ ऐसा कुछ भी नहीं करता जिसके लिए आप तैयार न हों अगर कोई ऐसा करता है तो ये रेप हो जाएगा वो और जेल चला जाएगा। वह कहती हैं कि मैं नहीं समझती कि कोई भी डायरेक्टर अपने करोड़ों रुपये को कुछ हजार रुपये वाले मामले के लिए खराब करेगा। अपने वर्षों के सपने और मेहनत को कोई भी डायरेक्टर एक या कई रातों के लिए बर्बाद नहीं होने देगा।
फिल्म ‘404 एरर नॉट फाउंड’ में मनोचिकित्सक का रोल निभाने वाली टिस्का कहती हैं कि जब दर्शक फिल्म देखने आएंगे तो उन्हें अपने और फिल्म के पर्दे पर जो हो रहा है उसमें कोई अंतर नहीं दिखेगा। वो प्लॉट और कहानी के अंदर गुम हो जाएंगे। सीएनईबी के इस शो का प्रसारण शुक्रवार 20 मई को रात 9:30 बजे होगा और इसका दोबारा प्रसारण मंगलवार दोपहर 2:30 बजे होगा। प्रेस विज्ञप्ति
आप भी अपने मीडिया संस्थान के किसी एक्सक्लूसिव प्रोग्राम, विशेष प्रोग्राम, इंटरव्यू, बातचीत, नए शो आदि की प्रेस रिलीज भड़ास4मीडिया पर प्रकाशित करा सकते हैं, [email protected] पर मेल करके.











