कुछ कहानियां थीं और कुछ गीत थे। इंडिया हैबिटैट सेंटर के खचाखच भरे स्टेन ऑडिटोरियम में मशहूर गीतकार नीलेश मिश्रा छोटे शहर में प्रेम की कहानी सुना रहे थे। बॉलीवुड की युवा गायिका शिल्पा राव और उनकी टीम उन कहानियों में अपनी गायकी के जरिये सुर और लय के जादुई रंग भर रही थी। सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के ऑनलाइन फोरम मोहल्ला लाइव के इस आयोजन में समाज और संस्कृति के कई जाने-माने चेहरे मौजूद थे।
बुधवार की शाम नीलेश और शिल्पा के म्यूजिकल बैंड ‘बैंड कॉल्ड नाइन’ की सारेगामा से आये पहले सीडी अलबम का लोकार्पण भी किया गया। अलबम का नाम है, रिवाइंड : नाइन लॉस्ट मेमोरीज। इसे जारी किया मुख्य चुनाव आयुक्त एसवाई कुरैशी, थ्री इडियट्स और मुन्ना भाई सीरीज सहित कई फिल्मों के प्रोड्यूसर वीर चोपड़ा, टीवी पत्रकार दिबांग और सामाजिक कार्यकर्ता केपी सिंह ने।
इस मौके पर दिबांग ने नीलेश के पत्रकारिता से संगीत और सिनेमा के तक पहुंचने के सफर के बारे में जानकारी दी। कहा कि हम सब अपनी जिंदगी को एक क्रिएटिव शेप देने के बारे में सोचते रह जाते हैं, नीलेश ने उसे कर दिखाया है। कार्यक्रम के शुरू में युवा मीडिया क्रिटिक विनीत कुमार ने मोहल्ला लाइव के सफर के बारे में दर्शकों को बताया। आखिर में केपी सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस लाइव कंसर्ट की थीम लाइन थी, यादों के इडियट बॉक्स में क्या क्या चलता है देखो तो…


some more information on http://beyondheadlines.in/2011/06/band-called-nine-at-mohalla-live/
प्रेस विज्ञप्ति











