इलेक्ट्रानिक मीडिया में प्रतिस्पर्धा ने भयावह रूप अख्तियार कर लिया है। टीवी न्यूज चैनलों में सबसे पहले फुटेज चलाने व ब्रेकिंग न्यूज दिखाने की होड़ ने इनके रिपोर्टरों को अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा में पहले ही ढकेल रखा है। यह होड़ और प्रतिद्वंद्विता अब खूनी जंग में तब्दील होने लगी है। इस अकल्पनीय और दुर्भाग्यशाली घटना का गवाह बना है पंजाब प्रदेश। चंडीगढ़ में स्टार न्यूज और सहारा समय की टीमें एक दूसरे के खून की प्यासी हो चुकी है। ये टीमें दो बार आमने-सामने टकरा चुकी हैं…
ताजा हमले में सहारा समय के ब्यूरो चीफ और कैमरामैन बुरी तरह जख्मी हुए हैं। इन दोनों न्यूज चैनलों की टीमों के बीच का विवाद पुलिस तक पहुंच चुका है। सहारा समय की टीम ने एफआईआर दर्ज करा दिया है। एफआईआर में स्टार न्यूज की टीम के हर सदस्य का नाम आरोपी के रूप में है। घटनाक्रम के
अनुसार सहारा समय के ब्यूरो चीफ विशाल मोंगा व उनके कैमरामैन आशुतोष पर चंडीगढ़ में 16 मार्च को स्टार न्यूज के ब्यूरो चीफ जगविंदर पटियाल, कैमरामैन राजीव शर्मा, राजिंदर सिंह समेत छह लोगों ने जानलेवा हमला किया। हमला तब किया गया जब विशाल और उनकी टीम जसपाल भट्टी के एक प्रोग्राम को कवर कर बाहर निकल रही थी। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक चंडीगढ़ के सेक्टर-17 में नीलम सिनेमा के ठीक सामने स्टार न्यूज के ब्यूरो चीफ जगविंदर पटियाल और उनके चैनल के आधा दर्जन सदस्यों ने लाठी व बेसबाल से सहारा समय के ब्यूरो चीफ विशाल मोंगा व कैमरामैन आशुतोष को जमकर पीटा। कैमरामैन आशुतोष का सिर फूटा है। घटना के बाद वे सेक्टर 16 के एक अस्पताल में कई घंटे भर्ती रहे। सहारा समय के ब्यूरो चीफ विशाल के हाथ और सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं।
विशाल मोंगा ने भड़ास4मीडिया को बताया जाता कि घटनास्थल के ठीक सामने पुलिस चौकी है पर पुलिस वाले आंख मूदे रहे। स्टार न्यूज के ब्यूरो चीफ जगविंदर पटियाल के पिता चंडीगढ़ पुलिस में रहे हैं और भाई अब भी यहां सब इंस्पेक्टर हैं। इसी कारण पुलिस इस मामले में सक्रियता नहीं दिखा रही है। अब तो हमले के पीछे पुलिस की मिलीभगत का भी अंदेशा होने लगा है। विशाल के मुताबिक वे लोग पांच-छह की संख्या में थे। सबके हाथ में कुछ न कुछ था। इन लोगों ने मेरे और मेरे कैमरामैन को बिना मौका दिए हमला कर दिया और हम लोगों के अर्द्धबेहोशी की स्थिति में आने तक लात-घूंसों, डंडों और बेसबाल से पीटते रहे।
भड़ास4मीडिया प्रतिनिधि ने इस मामले में जगविंदर पटियाल का पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल पर कई बार फोन किया पर हर बार स्विच आफ का संदेश आता रहा। सूत्रों का कहना है कि स्टार न्यूज के ब्यूरो चीफ जगविंदर पटियाल पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए किसी अज्ञात स्थान पर जा चुके हैं। बताया जाता है कि घटना के पीछे सिर्फ और सिर्फ खबर कवर करने की प्रतिस्पर्धा से उपजा विवाद है।
विशाल ने बताया कि चांद-फिजा प्रकरण के दौरान फिजा के घर के बाहर कैमरा स्टैंड लगाने को लेकर हमारे और स्टार न्यूज के स्टाफ में विवाद हुआ था। उस वक्त हमारे कैमरामैन आशुतोष पर स्टार के लोगों ने हमला किया था। इस विवाद में स्टार न्यूज के ड्राइवर को भी चोट आई थी। बाद में कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर हम दोनों के बीच समझौता करा दिया था। तय हुआ था कि आगे से कोई किसी से कुछ नहीं कहेगा और न ही मामले को पुलिस में ले जाया जाएगा। बावजूद इसके, स्टार न्यूज के लोगों ने पटियाल के
नेतृत्व में मेरे और मेरे कैमरामैन के उपर जानलेवा हमला किया है।
विशाल ने भड़ास4मीडिया को भेजे एक पत्र में अपनी पीड़ा को कुछ यूं व्यक्त किया है- ”मैं वाकई डरा हुआ हूं। मुझे चंडीगढ़ में खतरा है। पटियाल ने धमकी दी है कि तुझे देख लूंगा। तेरा ऐसे जगह पर एनकाउंटर करवाऊंगा कि तुझे पता भी नहीं चलेगा। मैं उसकी धमकी को सस्ते में नहीं ले रहा हूं। पटियाल के पंजाब पुलिस में कई आका हैं, जिनके नाम दर्जनों एनकाउंटर दर्ज हैं। एक बहुत बड़ा अफसर है पंजाब पुलिस का जिससे सारे पुलिस वाले खौफ खाते हैं। चंडीगढ़
पुलिस की जुबान नहीं खुलती उसके नाम पर। वो केपीएस गिल का खास रहा है। मैं डरा हुआ जरूर हूं पर डरपोक नहीं हूं। क्या पटियाल के डर से भाग जाऊं? उसके पैर पकड़ लूं? नहीं…मैं एक रिपोर्टर हूं,, गुंडा नहीं हूं, लेकिन मैं कायर भी नहीं हूं। मेरा जमीर नहीं कहता कि मैं पलायन कर जाऊं। मैं इस आतंक के खिलाफ लड़ रहा हूं। मेरे साथ चंडीगढ़ की सारी मीडिया खड़ी है। हक की लड़ाई में लोग मेरे साथ हैं। मैं यह सवाल पूरी मीडिया से कर रहा हूं कि क्या इस तरह के लोगों के लिए मीडिया में कोई जगह होनी चाहिए? क्या स्टार न्यूज के बॉस पटियाल के कारनामे से वाकिफ हैं? मैं भले ही छोटा रिपोर्टर हूँ, लेकिन मुझे अपनी जंग लड़नी है। एक हिंसक आदमी के आतंक के खिलाफ जो मित्र मेरे साथ नहीं खड़े हो रहे हैं, वे यह सोच लें कि आगे उनके साथ भी यही होने वाला है। लोग भुलावे में न रहें। ऐसे लोग किसी के दोस्त नहीं हो सकते।”
विशाल मोंगा से संपर्क [email protected] या 09876163300 के जरिए किया जा सकता है।











