वरिष्ठ पत्रकार फरजंद अहमद और अवकाश प्राप्त नौकरशाह एस विजयराघवन को राज्यपाल देवानंद कुंवर ने बिहार के सूचना आयुक्त के रूप में शपथ दिलाई. राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में फरजंद और राघवन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली. दोनों लोग निवर्तमान सूचना आयुक्त डा. शकील अहमद और पीएन नारायण का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 31 अगस्त को समाप्त होने जा रहा है.
बिहार के सूचना आयुक्त के रूप में शपथ लेने वाले फरजंद अहमद वरिष्ठ पत्रकार हैं तथा लम्बे समय तक इंडिया टुडे के साथ जुड़े रहे हैं. फरजंद इसी साल अप्रैल में इंडिया टुडे से रिटायर हुए थे. वे लगभग तीन दशक तक इंडिया टुडे के साथ रहे थे. जबकि राघवन बिहार में निवेश मामलों में मुख्यमंत्री के परामर्शदाता थे.











