दक्षिण भारत के कर्नाटक बेस्ड अंग्रेजी अखबार डेक्कन हेराल्ड जल्द ही दिल्ली के बाजार में प्रवेश की तैयारी कर रहा है. समझा जा रहा है कि इस साल के आखिर तक अखबार का प्रकाशन दिल्ली में शुरू हो जाएगा. अखबार को प्रकाशित करने वाली कंपनी ‘द प्रिंटर्स (मैसूर) प्राइवेट लिमिटेड’ ने कई अखबारों में विज्ञापन देकर दिल्ली में तमाम पदों के लिए आवेदन मांगा है.
लगभग 1500 करोड़ की इस कंपनी को दिल्ली के बाजार में मुख्य रूप से दो बड़े खिलाडि़यों टाइम्स ऑफ इंडिया और हिंदुस्तान टाइम्स से निपटना होगा. इसके अलावा द हिंदू और द इंडियन एक्सप्रेस से भी डेक्कन हेराल्ड को कड़ी टक्कर मिलने की संभावना है. ये चारो पुराने खिलाड़ी डेक्कन को इतनी आसानी से दिल्ली के बाजार में कब्जा नहीं जमाने देंगे. बताया जा रहा है इसी बात को ध्यान में रखकर डेक्कन प्रबंधन नए स्ट्रेटजी के साथ दिल्ली में पांव रखने की तैयारी कर रहा है. दिल्ली इस अखबार का सातवां पड़ाव होगा.
पिछली आईआरएस रिजल्ट में दिल्ली के अंग्रेजी अखबार पाठकों की संख्या में 5.02 प्रतिशत की गिरावट को देखते हुए डेक्कन हेराल्ड का यहां के बाजार में आना इतना आसान नहीं होगा. कर्नाटक में यह अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया के बाद 4.23 पाठकों के साथ दूसरे स्थान पर काबिज है. दिल्ली में अपने कदम रखने की पुख्ता तैयारियों के बीच अखबार ने न्यूज एडिटर, चीफ सिटी रिपोर्टर, सीनियर सब एडिटर, सीनियर रिपोर्टर, सब एडिटर, रिपोर्टर एवं स्पोर्टस रिपोर्टर के पदों के लिए विज्ञापन निकाला है. पिछले 63 साल से प्रकाशित हो रहे इस अखबार छह एडिशन कर्नाटक के बंगलुरू, मैसूर, हुबली, मंगलौर, गुलबर्ग और बेलुर से निकल रहे हैं.











