इंदौर प्रेस क्लब की मैनेजिंग कमेटी ने अन्ना दुरई की सदस्यता समाप्ति के बाद से खाली पड़े महासचिव पद पर तपेंद्र सुगंधे की नियुक्ति कर दी है. सुगंधे कार्यवाहक महासचिव के रूप में अपना कार्यकाल पूरा करेंगे. मैनेजिंग कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से इसका निर्णय लिया गया. उल्लेखनीय है कि अनुशासनहीनता के आरोप में इसी साल 12 मई को महासचिव अन्ना दुरई की सदस्यता समाप्त कर दी गई थी.
प्रेस क्लब के बाइलाज में संशोधन को लेकर हुए विवाद के बाद महासचिव अन्ना दुरई की सदस्यता समाप्त कर दी गई थी. प्रेस क्लब के संविधान के अनुसार छह माह के अंदर इस पद को भरे जाने का दबाव प्रेस क्लब के उपर था. नियमानुसार प्रेस क्लब का महासचिव पद खाली होने की स्थिति में सचिव को यह दायित्व दिया जाता है, परन्तु सचिव संजय लाहौटी द्वारा व्यस्तता के चलते महासचिव बनने से इनकार कर दिए जाने के बाद कार्यकारिणी सदस्य तपेंद्र सुगंधे को कार्यवाहक महासचिव बना दिया गया. सन 2012 तक वे इस पद पर बने रहेंगे.
उल्लेखनीय है कि इंदौर प्रेस क्लब का कार्यकाल तीन साल का होता है. चालू कार्यकाल मई 2012 में समाप्त होगा. तपेंद्र सुगंधे इंदौर से प्रकाशित प्रभात किरण के सहायक संपादक हैं. मैनेजिंग कमेटी की मीटिंग में अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल, उपाध्यक्ष नवनीत शुक्ला, कोषाध्यक्ष आलोक ठक्कर, कार्यकारिणी के सदस्य अतुल लागू, केके शर्मा, ललित शर्मा, राजेश ज्वेल, हरीश फतेहचंदानी समेत कई लोग मौजूद रहे.











