भारतीय प्रेस परिषद के अध्यक्ष न्यायमूर्ति ज्ञानेन्द्र नारायण रे ने आम चुनाव में समाचार पत्रों द्वारा चुनाव रिपोर्टिंग की बाबत प्रेस परिषद के दिशा निर्देशों के खुलेआम उल्लंघन को गंभीरता से लिया है। न्यायमूर्ती रे आज लखनऊ में हिन्दी समाचार-पत्र सम्मेलन के मीडिया सेन्टर के नवनिर्मित भवन का उदघाटन करने पधारे थे। इस अवसर पर हिन्दी समाचार-पत्र सम्मेलन के अध्यक्ष उत्तम चन्द शर्मा ने प्रेस परिषद के अध्यक्ष का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि प्रेस परिषद के चुनाव-रिपोर्टिंग सम्बन्धी दिशा-निर्देशों का कुछ प्रमुख हिन्दी अखबारों ने खुलेआम उल्लंघन किया है। श्री शर्मा ने कहा है व्यावसायिकता के मोह में इन अखबारों द्वारा चुनाव के दौर में खबरों और विज्ञापन के बीच की सीमा रेखा का लोप कर दिया गया है। यह पाठकों और मतदाताओं के प्रति अन्याय है।
प्रेस परिषद के अध्यक्ष के लखनऊ के आज के दौरे में अखबारों द्वारा चुनाव में निभाई जा रही भूमिका का मुद्दा छाया रहा। उत्तम चन्द शर्मा के अलावा कई पत्रकारों ने इस सवाल को उठाया। कार्यक्रम में न्यायमूर्ति रे का स्वागत सम्मेलन की ओर से जुगलकिशोर शरण शास्त्री ने किया। कार्यक्रम का संचालन दैनिक जनमोर्चा की सुमन गुप्ता ने किया। सुमन गुप्ता प्रेस परिषद की सदस्य भी हैं तथा प्रेस परिषद की आगामी बैठक में इस मसले को उठाने का उन्होंने आश्वासन दिया है। आज के कार्यक्रम में मुख्य रूप से पत्रकार अरविन्द सिंह और जनमोर्चा के सम्पादक शीतला सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अन्त में वाराणसी से प्रकाशित सांध्य दैनिक गाण्डीव के सम्पादक तथा हिन्दी समाचार पत्र सम्मेलन के महामन्त्री राजीव अरोड़ा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
साभार : समाजवादी जन परिषद











