अमर उजाला में 21 वर्षों की लंबी पारी खेलने वाले कमलेश दीक्षित ने इस संस्थान को बाय कहने के बाद अब नई पारी अमर उजाला समूह से अलग होकर अपना खुद का मीडिया हाउस स्थापित करने वाले अजय अग्रवाल के अखबार डीएलए के साथ शुरू की है। कमलेश दीक्षित ने यहां बतौर चीफ जनरल मैनेजर ज्वाइन किया है। वे अमर उजाला में जनरल मैनेजर के पद पर थे। कई संस्करणों को लांच करने की तैयारी कर रहा डीएलए समूह के विस्तार की बड़ी जिम्मेदारी अब कमलेश दीक्षित के कंधों पर आ पड़ी है।
उन्हें पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है जहां छह संस्करण लांच होने है। उच्च पदस्थ सूत्रों द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक डीएलए जल्द ही पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में कई संस्करण लांच करने की तैयारी कर रहा है। इसमें लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, इलाहाबाद, गोरखपुर आदि शामिल हैं। ये सभी संस्करण अब कमलेश दीक्षित के नेतृत्व में लांच किए जाएंगे। दैनिक जागरण से करियर शुरू करने वाले कमलेश दीक्षित ने अमर उजाला के कई संस्करणों की लांचिंग और विस्तार करने वाली टीम के हिस्सा रहे हैं। वे लंबे समय तक अमर उजाला कानपुर में सर्वेसर्वा रहे। बाद में बदली हुई परिस्थितियों में उन्हें अमर उजाला मुख्यालय नोएडा बुला लिया गया। इससे असंतुष्ट कमलेश दीक्षित लगातार दूसरे विकल्पों की तलाश में जुटे थे। अंततः उन्होंने डीएलए के साथ लंबी पारी खेलने का फैसला लिया और इस संस्थान को ज्वाइन कर लिया है। सूत्रों ने बताया कि आधिकारिक तौर पर डीएलए में ज्वायनिंग की खबर अभी जारी नहीं की गई है। पर उन्होंने डीएलए में काम शुरू कर दिया है और अपनी नई टीम बनाने में जुट गए हैं। कमलेश को नई पारी के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।











