महाठग अशोक जडेजा ने फिल्म अभिनेता और निर्माता किरण कुमार से कोई रिश्ता होने से इंकार कर दिया है। अशोक जडेजा से सीएनईबी संवाददाता मयूर जानी ने पुलिस हिरासत में पहली बार दुर्लभ साक्षात्कार करते हुए यह तथ्य सार्वजनिक किया। सीएनईबी एकमात्र टेलीविजन समाचार चैनल है जिसने महाठग की गिरफ्तारी के बाद अशोक जडेजा से बातचीत करने और उसे प्रसारित करने में सफलता प्राप्त की है। पहले खबरें आई थी कि अशोक जडेजा ने फिल्म निर्माण के लिए किरण कुमार को 5 करोड़ रुपए की अनुबंध राशि दी है। किरण कुमार ने लगातार इसका खंडन किया मगर गुजरात पुलिस की ओर से कोई खंडन नहीं आने के कारण लोग इसी ख़बर को सही मानते रहे। किरण कुमार का कहना था कि वे ज़िंदगी में कभी अशोक जडेजा से मिले तक नहीं हैं। सीएनईबी से बातचीत में जडेजा ने कहा कि उस पर ठगी के जो आरोप लगाए जा रहे हैं उनमें से कोई भी सिद्ध होने वाला नहीं है क्योंकि लोगों ने आमतौर पर देवी के लिए दान दिया था। जिन लोगों ने देवी की कृपा से अपने आर्थिक कष्ट दूर करने चाहे थे, उनकी भी मैंने सहायता ही की।
जडेजा ने कहा कि जो लोग पेशेवर ठग हैं वे ही जलन में मेरे खिलाफ मामला बना रहे हैं। उसने यहां तक कहा कि जब उसे पकड़ा गया तब भी वह किसी के पैसे वापस करने जा रहा था। फिल्मकार किरण कुमार ने इस एक्सक्लूसिव इंटरव्यू के लिए सीएनईबी और खासतौर पर इसके संपादक और प्रमुख राहुल देव को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा है कि एक तरफ सारे टीवी
चैनल कई सुनी-सुनाई बातें प्रसारित कर रहे हैं और सच तक पहुंचने की कोशिश नहीं कर रहे वहीं सीएनईबी ने सच का साथ देने की हिम्मत दिखाई है।
सीएनईबी की ओर से कहा गया है कि सच को उसके सही संदर्भ में दिखाना चैनल का उद्देश्य है। चैनल जल्दी ही फिल्म उद्योग को समाचार श्रेणी में लाकर प्रसारित करने की भी योजना बना रहा है। सीएनईबी अपराध और भूत-प्रेत जैसी खबरों से परहेज कर रहा है और अशोक जडेजा पर जानकारी भी सामान्य समाचार बुलेटिनों में प्रमुखता से दी गई। सीएनईबी से बात करते हुए फिल्म अभिनेता रज़ा मुराद ने भी कहा कि वे किरण कुमार को उनकी 17 साल की उम्र से जानते हैं और उन्होंने कभी विश्वास नहीं किया कि किरण कुमार का रिश्ता किसी ठग से होगा। रज़ा मुराद ने ये ज़रूर स्वीकार किया कि फिल्मों में कई लोग दो नंबर का पैसा लगाते हैं मगर सब ऐसे नहीं होते। (प्रेस विज्ञप्ति)











