नई दिल्ली से प्रकाशित होने वाले अखबार आज समाज ने अपना एक नया संस्करण लांच कर दिया है। आज समाज के इस फरीदाबाद संस्करण की लांचिंग के बाद प्रबंधन अब गुड़गांव संस्करण की लांचिंग की तैयारियों में लगा हुआ है। आठ जुलाई को लांच हुए फरीदाबाद संस्करण के जरिए दक्षिण हरियाणा के जिलों पलवल, महेंद्रगढ़, झज्जर, बहादुरगढ़, रोहतक आदि जिलों को कवर किया जाएगा।
जो उम्मीदें थीं, वहां तक पहुंच चुके हैं : मधुकर उपाध्याय
फरीदाबाद संस्करण के प्रभारी बद्री विशाल हैं। बद्री विशाल इससे पहले अमर उजाला, वाराणसी में लंब समय तक कार्यरत रहे। उन्होंने डिप्टी न्यूज एडीटर पद पर आज समाज ज्वाइन किया और अब फरीदाबाद संस्करण के प्रभारी के रूप में कार्य कर रहे हैं।
आज समाज के दिल्ली संस्करण की हालत के बारे में पूछे जाने पर आज समाज के समूह संपादक और प्रसिद्ध पत्रकार मधुकर उपाध्याय ने बताया कि वे लोग कभी भी नवभारत टाइम्स या दैनिक हिंदुस्तान को पछाड़ने की मंशा से दिल्ली के मार्केट में नहीं उतरे थे। दिल्ली का मार्केट बहुत टफ मार्केट है। इसी के चलते यहां पर अभी तक नई दुनिया, राजस्थान पत्रिका और दैनिक भास्कर जैसे अखबार कंप्लीट अखबार लांच करने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। हम बेहद रीयलिस्टिक हैं और हमने जो लक्ष्य तय किए थे, उसे पा लिया है। मधुकर का कहना था कि आज समाज के दिल्ली संस्करण ने लेआउट से लेकर कंटेंट तक के मामले में कई नए ट्रेंड सेट किए हैं। और इस ट्रेंड को दिल्ली के कई स्थापित अखबार अब फालो भी कर रहें हैं। हम लोगों ने जो उम्मीदें की थीं, वहां तक पहुंच चुके हैं।
मधुकर उपाध्याय ने संपादकीय विभाग में काम का नया कल्चर शुरू करने के बारे में जानकारी दी कि ऐसा पहली बार किसी संपादकीय विभाग में हुआ है जब बेहतर काम करने वाले पत्रकारों को दस दस हजार रुपये नकद इनाम दिया गया हो। आज समाज में बेहतर कार्य करने वालों को बढ़ावा देने के लिए रिव्यू सिस्टम डेवलप किया गया है।