सहारा समय न्यूज चैनल में पिछले दस वर्षों से कार्यरत वीटी एडिटर नवीन डोभाल को ब्रेन हैमरेज हो गया है। उन्हें नोएडा के सेक्टर-11 स्थित मेट्रो अस्पताल के आईसीयू में दाखिल कराया गया है। सूत्रों का कहना है कि नवीन डोभाल को कुछ महीनों पहले सहारा समय प्रबंधन ने फालतू स्टाफ की कैटगरी में रखते हुए उनका नाम छंटनी की लिस्ट में शामिल करा दिया। बताया जाता है कि अच्छे काम के बावजूद छंटनी में नाम आने से नवीन काफी परेशान हो गए। उन्हें दो माह पहले एचआर से अटैच कर दिया गया था। सूत्रों का कहना है कि दो महीने से उन्हें वेतन भी नहीं मिला। बच्चों की फीस भरने के लिए उन्होंने कई लोगों से पैसे उधार लिए। छंटनी की आशंका, घर-गृहस्थी की जरूरतों का दबाव, पैसों का अभाव, आफिस में उपेक्षा….आदि वजहों से नवीन डोभाल कुछ ज्यादा परेशान रहने लगे।
इन तनावों के कारण वे कभी-कभी दिमागी संतुलन भी खोने लगे थे। हफ्ते भर पहले सहारा समय प्रबंधन ने नवीन डोभाल को दुबारा काम पर ले लिया था लेकिन पिछला बकाया वेतन नहीं दिया। नवीन की मानसिक स्थिति लगातार बिगड़ने लगी और सोचते-सोचते उनका नर्वस ब्रेक डाउन हो गया। फिलहाल वो ब्रेन हैमरेज का शिकार होकर जीवन और मौत के बीच झूल रहे हैं।











