प्रणब मजूमदार ने मराठी दैनिक अखबार पुढारी प्रकाशित करने वाले पुढ़ारी पब्लिकेशन में चीफ एक्जीक्यूटिव आफिसर (सीईओ) के रूप में ज्वाइन किया है। मजूमदार इसके पहले 21 वर्षों तक टाइम्स आफ इंडिया के साथ पारी खेल चुके हैं। वे पुणे में टीओआई के ब्रांच हेड हुआ करते थे। प्रणब मजूमदार यूनिवर्सल म्यूजिक, अमृत बाजार पत्रिका और जुगांतर में भी काम कर चुके हैं। पुढ़ारी समूह अपने अखबार को महाराष्ट्र का नंबर वन मराठी अखबार बनाने के उद्देश्य के साथ काम कर रहा है। इसी मकसद से मजूमदार को सीईओ की कुर्सी पुढ़ारी प्रबंधन ने सौंपी है। पुढ़ारी अखबार इस समय 10 जगहों से प्रकाशित होता है। इस अखबार की लांचिंग 1937 में हुई थी।
हरियाणा के फतेहाबाद जिले के ब्यूरो चीफ अर्जुन जग्गा ने इस्तीफा दे दिया है। वे कहां जा रहे हैं, अभी पता नहीं चल पाया है। सूत्रों का कहना है कि फतेहाबाद जिला हिसार जोन में आता है। हिसार के ब्यूरो चीफ प्रमोद वशिष्ट को जब प्रमोट करके चंडीगढ़ स्टेट ब्यूरो में ले लिया गया तो फतेहाबाद के ब्यूरो चीफ अर्जुन जग्गा को हिसार जोन के ब्यूरो चीफ का दायित्व सौंपा गया। किन्हीं कारणों के चलते प्रबंधन ने जग्गा को फिर वापस फतेहाबाद ब्यूरो चीफ के पद पर भेज दिया। इससे जग्गा परेशान बताए जा रहे थे। जग्गा ने इस्तीफे का नोटिस प्रबंधन को भेज दिया है और 15 जुलाई तक वे कार्यमुक्त हो जाएंगे।
राजेश श्रीवास्तव ने दैनिक जागरण, कोलकाता से इस्तीफा देकर नई पारी दिल्ली में द संडे इंडियन के साथ शुरू की है।











