संगीत भोजपुरी, जी हां, यही नाम है चौबीसों घंटे चलने वाले पहले भोजपुरी म्यूजिक चैनल का। इसकी लांचिंग आज 14 जुलाई को कर दी गई। इस चैनल को संचालित करने वाली कंपनी का नाम है मीडिया वर्ल्डवाइड प्राइवेट लिमिटेड। कंपनी का कहना है कि भोजपुरी बोलने वाले प्रदेशों उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड समेत पूरी दुनिया में कुल 270 मिलियन लोग भोजपुरी बोलने वाले हैं। इसी आबादी को ध्यान में रखकर यह चैनल लांच किया गया है।
कंपनी के सीईओ प्रशांत ने लांचिंग के मौके पर बताया कि भोजपुरी की मांग सिर्फ बिहार और यूपी से ही नहीं है बल्कि उन लोगों की है जो इन प्रदेशों से विस्थापित होकर दूसरे शहरों और प्रदेशों में जा बसे हैं। संगीत भोजपुरी इन्हीं लोगों के लिए है। सीईओ प्रशांत के मुताबिक भोजपुरी संगीत, भोजपुरी फिल्म की बढ़ती मांग के कारण भोजपुरी म्यूजिक चैनल लाना समय की मांग है। भोजपुरी संगीत का भोजपुरी बोलने वालों के अलावा अन्य भाषा बोलने वालों पर भी गहरा असर है। संगीत भोजपुरी नई प्रतिभाओं को भी निखारने और आगे लाने का काम करेगा।
संगीत भोजपुरी के अलावा कंपनी के दो अन्य चैनल भी हैं जो म्यूजिक इंडिया और संगीत बांग्ला के नाम से हैं।











