टीवी इंडस्ट्री की एक जानी-मानी शख्सियत नलिनी सिंह ने अपनी कंपनी और अपने पर्सनल एकाउंट को देखने वाले एकाउंटेंट सुमंत सिंह के खिलाफ 7 सितंबर को चारसौबीसी व गबन की रिपोर्ट दर्ज कराई है। टीवी लाइव इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की निदेशक नलिनी ने बारहखंभा रोड थाने में जो रिपोर्ट लिखाई है, उसके मुताबिक सुमंत सिंह ने कई चेकों के जरिए कई बार में कुल 50 लाख रुपये निकाल लिए। रिपोर्ट के मुताबिक बैंक ने भी फर्जी साइन कर पैसे निकाले जाने की पुष्टि की है। कंपनी का आफिस बारखंभा रोड पर स्थित कंचनजंघा में छठें फ्लोर पर है। रिपोर्ट में कहा गया है कि नलिनी सिंह के पर्सनल व कंपनी के बैंक से संबंधित सभी लेन-देन का कार्य सुमंत देखते थे। पैसे निकालने की जानकारी कंपनी के बैंक डिटेल निकलवाने के बाद पता चला। जब छानबीन की गई तो कुल पचास लाख रुपये निकालने की जानकारी मिली। नलिनी ने रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि सुमंत पर उन्हें शक होने लगा था।
वह जो ड्राइविंग लाइसेंस यूज करते थे, वह उनके नाम से नहीं था। साथ ही कई अन्य चीजों के कारण उनका व्यवहार संदिग्ध प्रतीत हो रहा था। जब तक वो इसे पूरी तरह समझ पातीं और कोई निर्णय ले पातीं, सुमंत पैसे निकाल कर जा चुके थे। उधर, सूत्रों का कहना है कि नलिनी सिंह पहले भी अपने यहां काम करने वाले कई लोगों के खिलाफ भिन्न-भिन्न वजहों से मुकदमे दर्ज करा चुकी हैं। खासकर अपने कर्मियों के प्रति नलिनी का जो व्यवहार रहा है, वह टीवी इंडस्ट्री में काफी नकारात्मक माना जाता है। इस प्रकरण पर नलिनी सिंह से उनके आफिस के फोन पर रिंग कर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।











