न्यूज वन चैनल के ब्यूरो चीफ गिरफ्तार : छत्तीसगढ़ से दो खबरें हैं। रायपुर के पत्रकार चिंतामणि गढ़वाल ने पुलिस अधिकारियों को एक शिकायती पत्र सौंपा है। पत्र में सहारा समय के पूर्व रिपोर्टर ज़रीन सिद्दीकी पर आरोप लगाए गए हैं। गंज थाने की पुलिस से की गई शिकायत में चिंतामणि ने कहा है कि इंडिया न्यूज़ के नाम पर दिल्ली के कोई फारूक और रायपुर के ज़रीन सिद्दीकी ने इंडिया न्यूज़ का छत्तीसगढ़ का ब्यूरो चीफ बनाने के नाम पर उनसे सवा तीन लाख रुपये ले लिए।
चिंतामणि ने पुलिस को एक सीडी भी सौंपी है जिसमें फारूक और ज़रीन ने पैसों के लेनदेन की बात स्वीकारी है और काम जल्द करवाने का आश्वासन दिया है। पत्र में कहा गया है कि आठ मार्च 2009 को चिंतामणि ने ये रुपये अपने साथी रवि अग्रवाल और अतुल्य चौबे के सामने महाराजा होटल फाफाडीह में ज़रीन को सौंपी थी। चिंतामणि ने पुलिस को ज़रीन के फ्लाइट की टिकट और होटल का बिल भी सौंपा है।
रायपुर से मिली एक अन्य खबर के मुताबिक न्यूज वन चैनल के ब्यूरो चीफ कमलेश बहुखंडी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चारसौबीसी के एक मामले में पुलिस ने कमलेश को पकड़ा है। कमलेश पर युवक-युवतियों को नौकरी पर रखकर कई महीनों तक सेलरी न देने के भी आरोप हैं। कई पीड़ित कर्मियों ने प्रेस क्लब के पदाधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी थी। बाद में इन लोगों ने थाने में रिपोर्ट लिखवा दी।











