‘ब्लू पेंसिल’ नामक चर्चित कालम के लेखक तथा वरिष्ठ पत्रकार जीएस भार्गव अब नहीं रहे। उनका कल देहांत हो गया। वे 85 वर्ष के थे तथा गले के कैंसर से पीड़ित थे। वे ‘इंडियन एक्सप्रेस’ में स्थानीय संपादक भी रहे। यहां आने से पहले उन्होंने ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ और ‘दि ट्रिब्यून में भी अपनी सेवाएं दी। उन्होंने 1961-62 में पाकिस्तान से ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ के लिए रिपोर्टिंग भी की थी।
1970 के दशक में उन्होंने भारत सरकार में ‘मुख्य सूचना अधिकारी’ के रूप में भी काम किया। उनकी मौत पर ‘एडिटर्स गिल्ड’ ने दुख प्रकट करते हुए कहा है कि उनका मीडिया रिपोर्टिंग पर ‘ब्लू पेंसिल’ नामक कालम बड़ी उत्सुकता तथा व्याकुलता के साथ पढ़ा जाता था। वे बड़े विनम्र स्वभाव के थे, लेकिन पत्रकारिता के मानदंड़ों और लेखन शैली पर वे काफी सख्त रुख रखते थे।’ इसमें वे प्रिंट मीडिया की गुण-दोष के आधार पर समीक्षा करते थे। उन्होंने बहुत सी किताबें भी लिखी है, जिनमें ‘दि प्रेस आफ इंडिया : एन ओवरव्यू’ भी शामिल है।











