राखी की नई पारी, नीलम का इस्तीफा : वरिष्ठ टीवी जर्नलिस्ट अजय झा ने नई पारी लोकसभा टीवी के साथ शुरू की है। उन्होंने बतौर कंसल्टेंट ज्वाइन किया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अजय लोकसभा टीवी को संसद टीवी में तब्दील किए जाने की प्रक्रिया को पूरी कराएंगे। अभी तक लोकसभा टीवी में सिर्फ लोकसभा की कार्यवाहियों का ही प्रसारण किया जाता था। इसके दायरे में अब राज्यसभा को लाए जाने की तैयारी है। इसीलिए चैनल का नाम संसद टीवी रखे जाने का प्रस्ताव है। अजय झा ने करियर की शुरुआत हिंदुस्तान टाइम्स से असिस्टेंट एडिटर के रूप में की। एचटी के लिए उन्होंने दिल्ली, बेंगलोर, नार्थ-ईस्ट में काम किया।
बाद में एसपी सिंह की आज तक वाली टीम के हिस्से बन गए और आज तक के बेंगलोर आफिस की स्थापना की। स्टार प्लस पर चलने वाले आज की बात कार्यक्रम में अजय साउथ के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत रहे। कुछ समय के लिए डीडी न्यूज में एसाइनमेंट हेड के बतौर जुड़े। फिर बीबीसी में सीनियर इनपुट एडिटर के बतौर काम किया। अजय झा ने एनडीटीवी के साथ तीन वर्ष तक बैटिंग की। वे सीनियर इनपुट एडिटर थे। उन्होंने एडमिनिस्ट्रेटिव रिफार्म कमीशन में सलाहकार के बतौर भी काम किया। मीडिया कंसल्टेंट के रूप में कुछ चैनल लांच करा चुके अजय अब स्पीकर आफिस को इनपुट्स प्रोवाइड कराने के साथ-साथ लोकसभा टीवी को संसद टीवी की शक्ल देने में अपने तकनीकी व प्रोग्रामिंग के अनुभवों को मुहैया कराएंगे।
एक अन्य जानकारी के अनुसार डीडी न्यूज में कार्यरत राखी बख्शी ने लोकसभा अध्यक्ष के आफिस में मीडिया कंसल्टेंट के रूप में ज्वाइन किया है। वे स्पीकर आफिस के मीडिया संबंधी सभी मामलों को देखेंगी।
एस1 न्यूज चैनल की एंकर नीलम के बारे में जानकारी मिली है कि अब वे इस न्यूज चैनल की टीम का हिस्सा नहीं हैं। वे कहां जा रही हैं, यह पता नहीं चल पाया है।











