दिवाली पर पत्रकारों को किसिम-किसिम के गिफ्ट दिए गए हैं। भड़ास4मीडिया के पास फिलहाल दो सूचनाएं हैं। पहली सूचना भिंड से है। भिंड पुलिस की तरफ से पत्रकारों को शराब की बोतलें और मिठाइयों के पैकेट दिए गए हैं। बताया जाता है कि जो लोग नहीं पीते, उन्हें मिठाई और मुद्रा चढ़ाया गया। शराब की बोतल बांटे जाने पर कुछ लोगों की भृकुटि जरूर तनी लेकिन कोई खुलकर विरोध नहीं हुआ।
कहा जा रहा है कि पुलिस वालों को पत्रकारों नब्ज अच्छी तरह पता है इसलिए उन्हें पत्रकारों को खुश करने की कला भी आती है। शराब की बोतल भेंट करना इसी रणनीति का हिस्सा है। दूसरी सूचना चंडीगढ़ से है। यहां के पत्रकारों को पंजाब की सरकार ने महंगा वाला मोबाइल दिवाली गिफ्ट के रूप में भेंट किया है। करीब 25 हजार रुपये की कीमत वाले इस मोबाइल को पाने के लिए पत्रकारों में मारामारी रही। एक-दो पत्रकार ऐसे भी थे जिन्होंने सरकारी तोहफे को अस्वीकार कर लौटा दिया। सूत्रों के मुताबिक कई पत्रकारों को सोने के सिक्के भी दिए गए हैं। पिछली दिवाली पर सरकार की तरफ से पत्रकारों को डीवीडी और एलसीडी दिया गया था।











