अपडेट 1 : प्रेस क्लब आफ इंडिया के चुनाव में पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ के पैनल ने फिर बाजी मार ली है। खुद पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ सेक्रेट्री जनरल पद पर नदीम ए. काजमी को हराने में कामयाब हो गए हैं। इस प्रकार पुष्पेंद्र चौथी बार प्रेस क्लब आफ इंडिया के सेक्रेट्री जनरल बन गए हैं। पुष्पेंद्र के पैनल से कोषाध्यक्ष पद पर लड़ रहे जयंत भट्टाचार्य ने भी जीत हासिल कर ली है। विवाद कायम है अध्यक्ष पद पर। पुष्पेंद्र पैनल के अध्यक्ष परवेज अहमद के बारे में बताया जा रहा है कि वे नदीम पैनल के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अरुण केसरी को एक वोट से हराने में कामयाब हो गए हैं। पर नदीम खेमा काउंटिंग पर आपत्ति जता चुका है।
विवाद के कारण वोटों की गिनती का काम फिर से शुरू कर दिया गया है। एक अन्य सूचना के मुताबिक मैनेजिंग कमेटी के सदस्य के लिए निर्दलीय चुनाव लड़ रहीं करुणा मदान ने अच्छे-खासे वोटों से जीत हासिल कर ली है। उन्होंने एसएमएस के जरिए अपने शुभचिंतकों को जीत की सूचना भी प्रेषित कर दी है। चुनाव में अंतिम नतीजे क्या रहे, यह कुछ देर बाद पता चल पाएगा।
ताजी सूचना के अनुसार उपाध्यक्ष पद पर पुष्पेंद्र पैनल और नदीम पैनल के एक-एक प्रत्याशी ने जीत हासिल करने में कामयाबी पाई है। पुष्पेंद्र पैनल से वीपी पद पर रीतू वर्मा और नदीम पैनल से वीपी पद पर विजय सलूजा विजयी निर्वाचित किए गए हैं। बताया जा रहा है कि सेक्रेट्री जनरल पद पर पुष्पेंद्र ने नदीम को करीब 40 से 50 वोटों के अंतर से हराया है। चुनाव नतीजों की आधिकारिक घोषणा के बाद ही हार-जीत के असली आंकड़ों का पता चल पाएगा।











