हमार टीवी के पोलिटिकल करेस्पांडेंट कुंवर चंद्र प्रताप सिंह के साथ 31 अक्टूबर की रात जो हुआ वह यह बताने के लिए काफी है कि दिल्ली-एनसीआर के इलाके में किस कदर बदमाशों का राज चलता है। चंद्र प्रताप 31 अक्टूबर की रात रोज की तरह अपने नोएडा स्थित आफिस से काम खत्म कर वैशाली के सेक्टर छह स्थित अपने घर की तरफ जा रहे थे। उन्होंने जाने के लिए कोंडली नहर वाला शार्टकट रास्ता चुना। लगभग साढ़े बारह बजे के आसपास चंद्र प्रताप कोंडली के नहर के पास से होकर गुजर रहे थे। तभी अचानक सफेद कलर की वैगन आर गाड़ी में सवार तीन लोग उनके सामने प्रकट हुए।
इनमें से एक ने चंद्र प्रताप के सामने से आकर उनके उपर हाकी से वार कर दिया। चंद्र प्रताप बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। इसके तुरंत बाद उनमें से दो बदमाशों ने उनकी अंगूठी, घड़ी, सेलफोन और पर्स छीनने लगे। पर्स में दो एटीएम कार्ड, हजारों रुपये, गाड़ी की आरसी, पैन कार्ड, वोटर आईडी कार्ड के साथ कई अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। लूटपाट करने के कुछ देर तीनों बदमाश चंद्र प्रताप की बाइक की चाभी छीनकर फरार हो गए। चंद्र प्रताप के मुताबिक वारदात करने वाले उन सभी लड़कों की उम्र 22 से 24 साल के बीच रही होगी।
इस घटना के अगले दिन जब पत्रकार चंद्र प्रताप ने न्यू अशोक नगर थान के एसएचओ से बात की तो उनका दो टूक जवाब था कि 12 बजे के बाद तो हम लोग भी उस रास्ते से नहीं जाते हैं, आप क्या करने गए थे? एसएचओ का जवाब चंद्र प्रताप को हक्का-बक्का कर गया। एक पुलिस अधिकारी जब इस तरह की बात करेगा तो समझा जा सकता है कि इलाके में कानून-व्यवस्था की क्या स्थिति है। अभी कुछ रोज पहले ही एक मीडियाकर्मी को बदमाशों ने लिफ्ट देकर लूट लिया था। कुल मिलाकर दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर रात के वक्त निकलना अब सुरक्षित नहीं रह गया है।











