हरियाणा में अगले महीने लांच होने जा रहे कुलदीप श्योरान के सांध्य दैनिक ‘अभी-अभी’ ने अभी से ही हरियाणा के मीडिया जगत में तहलका मचा दिया है। दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, नवभारत टाइम्स, हरिभूमि को छोड़कर कई ब्यूरो चीफ और कई रिपोर्टर “अभी-अभी” का दामन थाम चुके हैं। आने वाले कुछ ही दिनों में कई अखबारों के और कई विकेट गिरेंगे। नवभारत टाइम्स, फरीदाबाद के ब्यूरो चीफ पद से इस्तीफा देने वाले अजय दीप लाठर ने ‘अभी-अभी’ में बतोर एसोसिएट एडीटर ज्वाइन किया है। अपनी जबरदस्त एंट्री के साथ ही उन्होंने हरियाणा के सभी जिलों के संभावित प्रमुखों के साथ मीटिंगों का सिलसिला शुरू कर दिया है।
दिनेश भारद्वाज, धीरेंद्र कुमार, जितेंद्र सहारण, आरके सेठी, दिनेश कौशिक अब “अभी-अभी” के साथ
रोहतक से प्रकाशित “हरिभूमि” में काफी समय से हरियाणा प्रभारी के रूप कमान संभाले दिनेश भारद्वाज ने भी संस्थान को इस्तीफे का नोटिस थमा दिया है। वे पहले रोहतक में ही पंजाब केसरी के ब्यूरो प्रमुख थे। झज्झर (हरियाणा ) में वे दैनिक भास्कर में भी काम कर चुके हैं।
पंजाब केसरी (अम्बाला) के रोहतक के ब्यूरो प्रमुख धीरेन्द्र कुमार ने भी संस्थान छोड़ दिया है। वे भी “अभी-अभी” के पाले में आयेंगे।
पंजाब केसरी (अम्बाला) सोनीपत के ब्यूरो चीफ जितेन्द्र सहारण ने संस्थान को गुड बाय कह दिया है। पंजाब केसरी के लिए सोनीपत सेण्टर कभी भी सामान्य हालात में नही रहा। वहां उथल-पुथल लगातार होती रही है। दो साल में ही सोनीपत तीन ब्यूरो प्रमुख बदल चुके हैं।
पंजाब केसरी (अम्बाला) के फतेहाबाद में ब्यूरो प्रमुख रहे आर.के.सेठी पहले ही “अभी-अभी” का दामन थाम चुके हैं। उन्हें ब्यूरो प्रमुख बनाया गया है। इससे पहले वे हरिभूमि रोहतक में वरिष्ठ उप संपादक, ब्यूरो प्रमुख दैनिक भास्कर फरीदाबाद और गुडगांव में सीनियर रिपोर्टर थे।
झज्झर (हरियाणा ) में दैनिक भास्कर में रिपोर्टर के रूप में काम रहे दिनेश कौशिक ने भी इस्तीफा दे दिया है। वे भी कुलदीप श्योरान के साथ हो लिए हैं।











