वायस आफ इंडिया को एक बार फिर से री-लांच करने की कोशिशें शुरू हो गई हैं। त्रिवेणी मीडिया लिमिटेड और मित्तल ब्रदर्स से वीओआई का मालिकाना हक अमित सिन्हा द्वारा लिए जाने और कोर्ट द्वारा वीओआई के संचालन की अनुमति दिए जाने के बाद नोएडा स्थित वीओआई के आफिस की साफ-सफाई शुरू हो गई है। महीनों तक आफिस सील होने के कारण अंदर धूल का अंबार लगा हुआ है। इस बीच, वीओआई के संचालन के लिए जूम ने जो सामान मुहैया कराए थे, उसे वापस ले जाना प्रारंभ कर दिया है।
सूत्रों के मुताबिक मित्तल बंधुओं और अमित सिन्हा के बीच की डील में जूम के सामान व बकाये की जिम्मेदारी मित्तल बंधुओं ने ली है। इस प्रकार जूम द्वारा अपना सामान हटाए जाने के बाद कोई नई कंपनी टेक्नीकल सपोर्ट देने के लिए सामने आई है। यह कंपनी अपने उपकरणों को अगले कुछ दिनों में वीओआई आफिस में इंस्टाल कर देगी। बताया जा रहा है कि हफ्ते भर के भीतर चैनल को आन एयर कराने की तैयारी है। हालांकि इसमें वक्त लगने की बात भी कही जा रही है क्योंकि सब कुछ नए सिरे से स्थापित करने में एक हफ्ते से लेकर दो हफ्ते तक का वक्त लग सकता है।











