राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में निकाय चुनावों के दौरान सभापति पद पर खड़े एक प्रत्याशी द्वारा पत्रकारों को तीन-तीन हजार रुपये का लिफाफा दिए जाने की बात पता चली है। श्रीगंगानगर नगर परिषद से कांग्रेस की ओर से सभापति के पद पर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी कश्मीरीलाल जसूजा ने कल पत्रकारों को लिफाफे बांटे। बताया जाता है कि इन लिफाफों में तीन-तीन हजार रुपए थे।
ये लिफाफे एक बड़े हिंदी दैनिक के स्थानीय कार्यालय में भी पहुंचे। यहां सभी को लिफाफे मिल गए। लेकिन उस वक्त एक रिपोर्टर मौजूद नहीं थे। इसका फायदा उठाते हुए रीजनल डेस्क इंचार्ज ने रिपोर्टर का लिफाफा ले लिया। जब इसकी जानकारी रिपोर्टर को हुई तो उन्होंने रीजनल डेस्क इंचार्ज से लिफाफे की डिमांड कर डाली। डेस्क इंचार्ज ने किसी दूसरे का लिफाफा लेने से ही इनकार कर दिया। बस, इसके बाद बखेड़ा खड़ा हो गया।
उधर, शहर के अन्य पत्रकारों को जैसे ही पैसे बांटे जाने की जानकारी मिली, कइयों ने संबंधित प्रत्याशी के दलाल को आड़े हाथों लिया। कुछ लोगों ने अखबार के संपादकों और निर्वाचन आयोग में भी प्रत्याशी के हरकत की शिकायत दर्ज करा दी है।











