
दो वर्ष पूरे : 23 नवंबर को आजाद न्यूज के दो साल पूरे होने पर चैनल पर आधे घंटे का खास कार्यक्रम प्रसारित किया गया जिसे एंकर सरफराज सैफी और सुधा ने पेश किया। इस कार्यक्रम के जरिए दर्शक ‘आजाद न्यूज’ के अंदर की दुनिया को समझ पाए। चैनल के अंदर की गहमागहमी और कार्यप्रणाली को विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम में चैनल में कार्यरत मीडियाकर्मियों से बातचीत के साथ चैनल की दो वर्षों की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला गया। इन एंकरों ने अपने दर्शकों को समझाया और दिखाया की टीवी में खबरों पर कैसे काम होता है। खबरों को कैसे कई विभाग मिलकर दर्शकों तक पहुंचाने में सामूहिक भूमिका निभाते हैं।
न्यूज चैनल के सभी विभागों स्टूडियो, मास्टर कंट्रोल रूम, ग्राफिक्स, आईटी, एडिटोरियल… की कार्यप्रणाली के बारे में दर्शकों को विस्तार से समझाया गया। एंकर किस तरह खबरों के साथ हर वक्त दो-चार रहते हैं, अपडेट रहते हैं, इस तकनीकी का भी रोचक प्रसारण किया गया। ज्ञात हो कि टीजी एंजल्स प्राइवेट लिमिटेड का हिस्सा है ‘आजाद न्यूज’। इस कंपनी के चेयरमैन एमएस वालिया हैं। चैनल हेड तानिया वालिया हैं जो चेयरमैन की पुत्री हैं। न्यूज डायरेक्टर के रूप में वरिष्ठ पत्रकार अंबिकानंद सहाय काम देख रहे हैं। इस चैनल का आफिस पहले फिल्म सिटी में था पर अब सारा कामधाम नोएडा के सेक्टर पांच से संचालित होता है।











