मध्य प्रदेश में ‘बी जे पी’ का मतलब ‘भाभी जीजी पत्नी’ : खबर है कि मध्य प्रदेश में होने वाले नगर नगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायत चुनाव में दैनिक राज एक्सप्रेस के दो पत्रकार भी अपना भाग्य अजमा रहे हैं. राज एक्सप्रेस की गुना ब्यूरो चीफ़ कुमारी नूर अख्तर को बीएसपी ने गुना नगर पालिका अध्यक्ष पद के किये प्रत्याशी बनाया है. इसी प्रकार भोपाल से रिपोर्टिंग करने भेजे गए महेंद्र कुमार को कांग्रेस ने हरपालपुर से अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बना दिया है.
इस बीच, मध्य प्रदेश में बीजेपी में नगरीय चुनाव में ‘भाभी, जीजी, पत्नी’ की खूब चल रही है. प्रदेश की 13 नगर निगमों के चुनाव के लिए बीजेपी ने एक भी आम कार्यकर्ता को टिकट नहीं दिया है. भोपाल से पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर की बहू कृष्ण गौर को टिकट दिया गया है. ग्वालियर से बीजेपी के नेता एवं शहर के नामी शराब व्यापारी नरेश गुप्ता की बहू समीक्षा गुप्ता मैदान में है. खंडवा से मध्य प्रदेश के आदिम जाति कल्याण मंत्री विजय शाह की पत्नी भावना शाह को मैदान में उतरा गया है.
इंदौर नगर निगम का चुनाव लड़ने बीजेपी के दिग्गज क्रश मुरारी मोघे स्वयं खड़े हो गए हैं. मोघे बीजेपी के सांसद रह चुके हैं. इसके आलावा वे बीजेपी के प्रदेश संगठन मंत्री भी रहे हैं. कटनी से बीजेपी शासनकाल में राज्य के महाधिवक्ता रहे निर्मल जैन की पुत्री को टिकट दिया गया है. रतलाम से पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी के रिश्तेदार शैलेन्द्र दागा को मैदान में उतारा गया है. इसके अलावा सागर, बुरहानपुर, देवास में भी इसी प्रकार टिकट बांटा गया है. यानी मध्य प्रदेश बीजेपी में आम कार्यकर्ता बेहद दुखी दिखाई दे रहा है. वह ठगा-सा महसूस कर रहा है. इसी से आहत होकर एक भाजपाई ने आत्महत्या भी कर लिया।











