जेपी गुप्ता आनलाइन मीडिया में आए : अजय विद्यार्थी प्रभात खबर लौटे : हिंदुस्तान, दिल्ली में मृणाल पांडेय के जमाने में प्रमोद जोशी के बाद नंबर थ्री की हैसियत रखने वाले संजय अभिज्ञान को अखबार के मुख्य काम से हटा दिया गया है। उन्हें प्रमोट करके एडिटर बना दिया गया है और न्यू मीडिया की जिम्मेदारी दी गई है। वे हिंदुस्तान के वेब पोर्टलों के संपादक बना दिए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक संजय को आनलाइन मीडिया के अलावा भी कई काम दिए गए हैं जिसमें से कुछ अखबार के भी काम हैं। बताया जा रहा है कि नंबर तीन की हैसियत में अब प्रताप सोमवंशी आ गए हैं जिन्होंने अमर उजाला, कानपुर के स्थानीय संपादक पद से इस्तीफा देकर आरई के ही पद पर हिंदुस्तान, दिल्ली ज्वाइन किया है। प्रताप वैसे तो प्रमोद जोशी को रिपोर्ट करेंगे लेकिन शशि शेखर की उनकी नजदीकी के चलते यह माना जा रहा है कि न्यूज रूम में अप्रत्यक्ष रूप से शशि शेखर के बाद प्रताप की ही चलेगी।
एक अन्य जानकारी के अनुसार ‘हिंदुस्तान’ अखबार का दाम आगरा और अलीगढ़ के इलाकों में घटा दिया गया है। पहले यह अखबार तीन रुपये में बिकता था। अब दाम दो रुपये कर दिया गया है। माना जा रहा है कि आगरा मंडल में अपनी पैठ बढ़ाने के लिए हिंदुस्तान ने दाम घटाया है पर इसके कारण इलाके में अखबारों के बीच प्राइस वार शुरू होने की संभावना बढ़ गई है।
प्रिंट मीडिया में दो दशक तक काम करने के बाद वरिष्ठ पत्रकार जेपी गुप्ता अब आनलाइन मीडिया की ओर रुख कर चुके हैं. वे ‘आईगवर्नमेंट डॉट इन’ के रेजीडेंट एडिटर बनाए गए हैं. जेपी गुप्ता ने हिंदुस्तान टाइम्स, पटना के ब्यूरो में दस वर्षों तक काम किया. वे गुवाहाटी से प्रकाशित असम एक्सप्रेस के एक्जीक्यूटिव एडिटर भी रह चुके हैं.
राजस्थान पत्रिका, कोलकाता के चीफ रिपोर्टर अजय विद्यार्थी ने प्रभात खबर, कोलकाता ज्वाइन किया है. अजय पत्रिका से पहले भी प्रभात खबर में ही थे.











