ब्रजेश, नवनिधि और प्रदीप की नई पारी : अरविंद का तबादला : हिंदुस्तान, बरेली के स्थानीय संपादक का ट्रांसफर होने के बाद अब वहां के न्यूज एडिटर योगेश्वर दत्त सुयाल ने इस्तीफा दे दिया है। सुयाल हिंदुस्तान बरेली की लांचिंग टीम की कोर टीम के मेंबर थे। वे फिलहाल नोटिस पीरियड पर चल रहे हैं। वे कहां जा रहे हैं, यह अभी पता नहीं चल पाया है। सूत्रों के मुताबिक अगले एक-दो हफ्तों में वह अपनी नई ज्वायनिंग के बारे में खुलासा करेंगे। ज्ञात हो कि इससे पहले हिंदुस्तान, बरेली के रेजीडेंट एडिटर अनिल भास्कर का तबादला कर उनकी जगह अमर उजाला, बरेली के आरई केके उपाध्याय को नया आरई बनाया गया।
एक अन्य खबर के मुताबिक अमर उजाला, बरेली से दो लोग हिंदुस्तान, बरेली ज्वाइन करने जा रहे हैं। ये हैं सुरेश पांडेय और राघवेंद्र शर्मा। कहा ये भी जा रहा है कि हिंदुस्तान, बरेली से भी जल्द ही कुछ लोग अमर उजाला, बरेली में जा सकते हैं।
दैनिक जागरण, रांची में कार्यरत ब्रजेश सिंह ने इस्तीफा देकर सन्मार्ग, रांची ज्वाइन कर लिया है। ब्रजेश तकरीबन 12 साल से पत्रकारिता में हैं। हरिनारायण सिंह के रांची सन्मार्ग ज्वाइन करने के साथ ही कई दिग्गज मीडियाकर्मी सन्मार्ग ज्वाइन करने वाले हैं। प्रभात खबर और हिन्दुस्तान से भी जल्द ही लोगों के टूटने और सन्मार्ग से जुड़ने के कयास लगाये जा रहे हैं।
राष्ट्रीय सहारा, बस्ती ब्यूरो में कार्यरत रिपोर्टर नवनिधि पांडेय ने इस्तीफा देकर दैनिक जागरण, हल्द्वानी के साथ नई पारी शुरू की है। वे सहारा से पहले दैनिक जागरण, बस्ती में ही रिपोर्टर हुआ करते थे।
संडे पोस्ट के पत्रकार प्रदीप सिंह ने इस्तीफा दे दिया है। वे नई पारी की शुरुआत डीएलए के साथ करने जा रहे हैं। इलाहाबाद से पढ़े-लिखे प्रदीप इन दिनों संडे पोस्ट के पंजाब संस्करण की लांचिंग से जुड़े हुए थे।
खबर है कि अरविंद शक्तावत का तबादला राजस्थान पत्रिका, जयपुर के लिए कर दिया गया है। वे स्टेट ब्यूरो में काम करेंगे। उन्होंने कामकाज शुरू कर दिया है।











