ईटीवी के उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के ब्यूरो चीफ बृजेश मिश्रा ने अब नई पारी शुरू कर दी है। उन्होंने ईटीवी को बाय बाय बोल दिया है। वे अब न्यूज 24 में चले गए हैं। वे न्यूज 24 के लिए उत्तर प्रदेश के ब्यूरो चीफ के रूप में काम देखेंगे। बृजेश इससे पहले अमर उजाला, प्रतापगढ़ और इलाहाबाद में भी काम कर चुके हैं। उन्होंने वर्ष 1997 में पत्रकारिता में अपना करियर शुरू किया। खबर है कि बृजेश के जाने के बाद ईटीवी के लखनऊ ब्यूरो से कुछ लोग और भी इस्तीफा दे सकते हैं।
इंडिया न्यूज के डिप्टी क्राइम हेड और सीनियर करेस्पांडेंट सुनील वर्मा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफे में आरोप लगाया है कि चैनल गलत दिशा में जा रहा है।
चैनल के वरिष्ठ लोग ही इस बात को लेकर स्पष्ट नहीं हैं कि क्राइम न्यूज के लिए क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए। उन्होंने खराब क्राइम टीम देने का भी आरोप लगाया। सुनील वर्मा ने जानकारी दी कि वे लोग जल्द ही एक नए आऩे वाले चैनल में ज्वाइन करने जा रहे हैं।
इस बीच सूचना है कि इंडिया न्यूज में छंटनी के बाद फिर से भर्ती के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। इसके तहत दूसरे चैनलों के कई लोगों से संपर्क साधा गया है पर कुछ लोगों ने यहां का माहौल देखकर आने से मना कर दिया है। चैनल प्रबंधन अब कोशिश में है कि बेहतर पैकेज देकर वह दूसरे चैनलों से लोगों का यहां ला सके।











