ईटीवी, बिहार में हुए स्ट्रिन्गर प्रोन्नति मामले पर सवाल उठने लगे हैं. चैनल के लिए काम कर रहे कई बेहतर लोगों को प्रमोशन के लाभ से वंचित रखा गया है जबकि गणेश परिक्रमा करने वालों कुछ लोगों को प्रसाद दिया गया है. कई स्ट्रिंगरों ने पैसे का खेल होने का भी आरोप लगाया है. दो दागियों को प्रोन्नति मिलने से इस आरोप को और बल मिला है. इसमें से एक पटना में पोस्टेड था और वह एक बड़े अधिकारी का करीबी माना जाता है. दूसरा बिहार के एक चीनी मिल से उगाही करने का आरोपी है. तत्कालीन चैनल हेड ने इसे उगाही के आरोप में कोडरमा से हटाया था.
सूत्रों का कहना है कि इंटरव्यू लेने की प्रक्रिया में शामिल रहे ईटीवी के दो अधिकारियों ने इसे एक समझौते के तहत झारखण्ड के जमशेदपुर भेजा है. पटना में प्रोन्नत लड़के को भी उगाही के आरोप में एक वक्त हटाया जा चुका था. इन लडकों ने जलवा दिखाना शुरू कर दिया है. खबर है कि ईटीवी का जमशेदपुर ऑफिस लड़ाई के अखाड़े में तब्दील हो गया है. सूत्रों के मुताबिक नए लड़के ने जमशेदपुर ऑफिस इंचार्ज के साथ गाली-गलौज कर आगाज़ कर दिया है. कई अच्छे लोग इस घटना से नाराज हैं कुछ लोग जयपुर में बैठ रहे सीईओ के दरबार में जाने की तयारी में हैं.











