हिंदी के वरिष्ठ पत्रकार विजय किशोर मानव को कादंबिनी का कार्यकारी संपादक बनाया गया है। पिछले लगभग तीन दशक से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय मानव जी ने 14 बरस कानपुर के अखबारों में काम किया। यहां सबसे ज्यादा समय दैनिक जागरण के साथ रहे। मूलतः कानपुर के ही रहने वाले मानव जब दिल्ली आए तो दैनिक हिंदुस्तान के होकर रह गए। उन्होंने यहां मैग्जीन से लेकर न्यूज तक के दायित्वों को बखूबी संभाला और अपनी मेहनत व प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ते गए। इस वक्त एसोसिएट एडीटर पद पर वे दैनिक हिंदुस्तान में कार्यरत हैं।
पिछले दिनों कादंबिनी के कार्यकारी संपादक विष्णु नागर के नई दुनिया चले जाने से यह पद रिक्त था। पत्रकारिता के साथ साथ समकालीन साहित्य में अपनी अलग पहचान रखने वाले विजय किशोर मानव अब कार्यकारी संपादक के रूप में कादंबिनी जैसी प्रतिष्ठित हिंदी पत्रिका को नई उंचाई पर पहुंचाएंगे, ऐसा सभी को विश्वास है। मानव जी एक अच्छे कवि, गीतकार और गज़लकार के रूप में जाने जाते हैं। उन्हें नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं।











