इस दौर में जब ज्यादातर लोग नौकरी और पैसे के पीछे पगलाया हुआ लगते हैं, वायस आफ इंडिया के गुजरात चैनल के हेड निर्णय कपूर ने अपने पत्रकारीय नैतिकता के लिए संस्थान, चैनल, पद और पैसे को टाटा बाय बाय बोल दिया। निर्णय कपूर इंडिया टीवी से त्रिवेणी समूह के नए चैनल वायस आफ इंडिया में आए थे। पिछले दिनों वायस आफ इंडिया चैनल में त्रिवेणी ग्रुप के निदेशकों की बढ़ती दखलंदाजी के चलते कई लोगों ने एक साथ इस्तीफा दे दिया था। उसके भी पहले ग्रुप एडीटर रामकृपाल सिंह ने इस्तीफा थमा दिया था। उसी क्रम में अब ये ताजा इस्तीफा निर्णय कपूर का हुआ है। सूत्रों से मिली पुख्ता जानकारी के अनुसार पिछले दिनों रीजनल चैनलों के ब्यूरो चीफ, स्टेट हेड, एमडी, सीईओ और ग्रुप एडीटर के बीच हुई मीटिंग में सभी रीजनल स्टेट ब्यूरो चीफों को प्रत्येक माह 50 लाख रुपये चैनल के खाते में जमा करने का टारगेट प्रबंधन के लोगों ने दिया। इस तरह की धंधेबाजी वाली पत्रकारिता का निर्णय कपूर ने विरोध किया।
वायस आफ इंडिया के दिल्ली मुख्यालय में बैठे रीजनल चैनलों के अन्य हेड भी इस निर्णय से पसोपेश और मुश्किल मैं हैं। निर्णय कपूर ने चैनल प्रबंधन के गैर पत्रकारीय रवैये को देखते हुए इस्तीफा दे देने में भलाई समझी। सूत्रों का कहना है कि वे वापस इंडिया टीवी लौट रहे हैं। हालांकि इन सूचनाओं की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।











