नई दिल्ली के नेशनल स्टेडियम पर शुरू होने वाले हाकी विश्व कप से पहले मीडिया को अभ्यास सत्र और खिलाड़ियों से दूर रखने के खिलाफ पत्रकारों ने बुधवार को जमकर हंगामा किया और एफआईएच के एक आला अधिकारी की प्रेस कांफ्रेंस को बहिष्कार किया। एफआईएच के संचार निदेशक आर्येन मायर यहां विश्व कप के साझेदार कारबोन मोबाइल कंपनी की प्रेस कांफ्रेंस में मीडिया को संबोधित करने आए।
वे जैसे ही मीडिया को संबोधित करने उठे, पत्रकारों ने अंतरराष्ट्रीय हाकी महासंघ के रवैये के खिलाफ नारेबाजी की। पत्रकारों ने विश्व कप से पहले टीम के अभ्यास सत्रों की कवरेज और स्टेडियम से सुरक्षा कारणों का हवाला देकर मीडिया को दूर रखने का विरोध किया। उल्लेखनीय है कि एफआईएच की ओर से अभी तक विश्व कप के लिए पत्रकारों को मान्यता कार्ड जारी नहीं किए गए हैं और मंगलवार को ही इसकी टूर्नामेंट निदेशक ने जारी बयान में कहा था कि मान्यता कार्ड नहीं मिलने तक किसी पत्रकार को स्टेडियम या होटल में खिलाड़ियों से संपर्क नहीं करने दिया जाएगा। चौतरफा दबाव के बीच हालांकि हाकी विश्व कप आयोजकों ने गुरुवार पत्रकारों को आयोजन स्थल में घुसने की बात कही थी लेकिन इसके लिए मान्यता कार्ड जरूरी हैं जो अब तक तैयार नहीं हुए हैं। साभार : भाषा











