तू डाल डाल तो मैं पात पात. जागरण समूह ने आई-नेक्स्ट शुरू किया तो उजाला ने देखा-देखी कांपैक्ट. आई-नेक्स्ट वालों ने विस्तार करना शुरू किया है तो कांपैक्ट वालों ने भी लाइन लगा दी है. जागरण समूह के टैबलायड आई-नेक्स्ट के बरेली में लांच हुए अभी कुछ ही दिन बीते होंगे कि उजाला वालों ने भी अपना टैबलायड अखबार इस शहर से शुरू कर दिया.
उजाला वाले अपने टैबलायड को ”देश का पहला पारिवारिक टैबलायड अखबार” कहते हैं. यह परिभाषा उन्होंने किस आधार पर गढ़ी है यह तो नहीं मालूम लेकिन अपने प्रोडक्ट की किसी भी कैटगरी में नंबर वन बताने का जो चलन मीडिया में रहा है, वह अब भी कायम है. कोई खुद को सबसे तेजी से बढ़ता हुआ अखबार बताकर नंबर वन बताता है तो कोई प्रसार वाइज नंबर वन बताता है तो कोई ज्यादा एडिशन होने के नाते खुद को नंबर वन बताता है. तो नंबर वन ऐसी गरीब की लुगाई है जिसे सभी भौजी कहना अपना धर्म समझते हैं.
बरेली से प्रकाशित अमर उजाला कॉम्पैक्ट आठवां संस्करण है. यह कॉम्पैक्ट मेरठ, इलाहाबाद, कानपुर, वाराणसी, आगरा, देहरादून और गोरखपुर से प्रकाशित हो रहा है. ‘अमर उजाला कॉम्पैक्ट’ के आठवे संस्करण का शुभारंभ बरेली से रविवार को विधिवत पूजन के साथ हुआ. इस मौके पर अमर उजाला समूह के निदेशक राजुल माहेश्वरी ने सिविल लाइंस स्थित समाचार पत्र के मुद्रण स्थल पर बटन दबाकर छपाई कार्य का शुभारंभ किया.











